इंदौर। मोहन यादव को जब मध्यप्रदेश का मुखिया बनाया गया था तब इंदौर के कई नेताओं ने जहां ‘उज्जैनी सम्पर्क’ खंगालने शुरू किए, तो कुछ ने पुरानी फोटो एलबम भी देखना शुरू कर दी कि इस ‘तीसरी पंक्ति’ के नेता के साथ अपनी कोई तस्वीर मिल जाए,जिन्हें तस्वीर मिली उन्होंने उक्त तस्वीर को सोशल मीडिया पर वायरल करवाने के साथ शहर में बड़े-बड़े होर्डिंग तो लगवाए ही, वहीं खबरें भी खूब चलीं कि फलां नेता का नए मुख्यमंत्री से बहुत पुराना नाता रहा।
हालांकि यह खेला भी ज्यादा दिन नहीं चल पाया और लगातार मिल रही ‘सियासी मात’ के बाद कुछ ‘खिलाफत’ पर भी उतर आए। हालांकि अब दोबारा ‘सब ठीक’ करने के प्रयास भी जारी हैं। दूसरी तरफ लगभग इसी तरह का खेल दोबारा तब शुरू हुआ जब सीएम यादव ने इंदौर का प्रभार छोड़कर अपने करीबी चैतन्य काश्यप को यहां का जिम्मा सौंपा। अब इंदौर के भाजपाई नेता दोबारा अपनी राजनीति को ‘चैतन्य’ रखने के लिए इस जुगत में जुट गए कि ‘काश्यप के करीब’ कैसे जाया जाए। कोई पुराने रिश्ते खंगालने में जुट गया तो अपने ‘रतलामी सम्पर्क’ साध रहा। ‘फायदे-नुकसान का आंकलन’ करने वाले कुछ नेता तो नए प्रभारी मंत्री से अपना पुराना सम्पर्क होने का दावा भी कर रहे।
कभी भी आकर इंदौर में ले लेंगे ‘क्लास’
उधर सूत्रात्मक खबर है कि इंदौर का प्रभार बदलते ही कई सियासी समीकरण बदलने जा रहे तो ताई, भाई, सांई, बाबा, भाभी सहित अन्य गुटों के बाद एक और ‘नई टीम’ भी नए सिरे से तैयार करने जैसी बातें सामने आ रही। उधर, मुख्यमंत्री के प्रभारी रहते इंदौर में बीते दो वर्षों से जो जिला योजना समिति की बैठक नहीं हो सकी वह बैठक ‘काश्यप के कार्यकाल’ में जल्द होने जा रही और कहा जा रहा कि चैतन्य काश्यप कभी भी इंदौर आकर बैठक ले लेंगे, जिसमें विकास से जुड़े प्रस्तावों को मंजूरी भी मिल सकती है। उधर, उद्योग जगत को भी उम्मीद है कि अब हमारे क्षेत्र में भी ‘चैतन्यता’ और बढ़ेगी ,बता दें कि एमएसएमई मंत्री चैतन्य काश्यप के पास पहले से ही भोपाल-राजगढ़ का भी प्रभार था, लेकिन मुख्यमंत्री की पसंद के चलते उन्हें इंदौर का प्रभार भी सौंपा गया।
हालांकि इस पर भी सवाल हुए कि जिस दिन मुख्यमंत्री दिल्ली में बड़े नेताओं से मेल-मुलाकात कर रहे थे उस वक्त अचानक ऐसा क्या हुआ कि ‘मोहन’ को इंदौर से अपना ‘मोह’ त्यागना पड़ा..?