उज्जैन। सेठीनगर में बुधवार-गुरूवार रात कास्मेटिक गोदाम में भीषण आग लग गई। दमकलकर्मियों द्वारा आग पर काबू पाया जाता उससे पहले करीब 1 करोड़ का नुकसान हो चुका था।माधवनगर थाना क्षेत्र के सेठीनगर स्थित बैंक आॅफ इंडिया के पास आनंद जैन द्वारा हिन्दुस्तान लिमिटेड प्रोडक्ट का गोदाम संचालित किया जाता है। उनके यहां से होलसेल में कास्मेटिक सामान पूरे जिले में सप्लाय होता है। रात 1 बजे के लगभग गोदाम में अचानक आग लग गई। रात का समय होने पर आग लगने की जानकारी देरी से सामने आई जिसके चलते आग ने विकराल रूप ले लिया था। मामले की जानकारी लगते ही आनंद जैन गोदाम पहुंचे और फायर बिग्रेड को सूचना दी गई। 3 से 4 दमकल मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया गया। करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। बताया जा रहा है कि आग संभवत: शार्ट सर्किट से लगा है। वहीं आनंद जैन का कहना था कि आगजनी में उन्हे करीब 1 करोड़ का नुकसान हुआ है। रात में आग पर काबू पाने के बाद सुबह फिर से आग सुलगने लगी थी, लेकिन उस पर कुछ देर में काबू पा लिया गया।
शार्ट सर्किट से जलकर खाक हुआ कास्मेटिक गोदाम