महिदपुर। उज्जैन के देवास गेट बस स्टैंड को नानाखेड़ा स्थानांतरित किए जाने का असर अब महिदपुर सहित आसपास के क्षेत्रों से आने-जाने वाले यात्रियों की जेब पर पड़ रहा है। बस किराये में वृद्धि और बस स्टैंड तक पहुंचने के अतिरिक्त खर्च ने आम यात्रियों की परेशानी बढ़ा दी है। यात्रियों के लिए सफर अब पहले से अधिक महंगा और असुविधाजनक होता जा रहा है।उज्जैन से महिदपुर का बस किराया पहले 76 रुपये था, जो बढ़कर 106 रुपये हो गया है। यात्री अभी किराये में हुई इस बढ़ोतरी से उबरे भी नहीं थे कि बस स्टैंड बदलने से अतिरिक्त खर्च का बोझ भी उन पर आ पड़ा। देवास गेट से नानाखेड़ा पहुंचने के लिए मैजिक में 20 रुपये और ऑटो में करीब 50 रुपये तक खर्च करने पड़ रहे हैं। ऐसे में महिदपुर से उज्जैन आने-जाने वाले यात्रियों का कुल खर्च काफी बढ़ गया है। पूर्व में 150 रुपये खर्च होने की तुलना में अब 240 से 320 रुपये तक खर्च होने का उल्लेख किया गया है।इस बदलाव का असर केवल महिदपुर ही नहीं, बल्कि आगर, तराना, नागदा और झालावाड़ सहित आसपास के क्षेत्रों से आने वाले यात्रियों पर भी पड़ रहा है। विद्यार्थियों, नौकरीपेशा लोगों, मरीजों और रोजाना आवागमन करने वालों के लिए यह अतिरिक्त खर्च परेशानी का कारण बन सकता है।
यात्रियों को राहत देने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था की मांग-क्षेत्र के यात्रियों की मांग है कि शासन और प्रशासन इस समस्या पर गंभीरता से ध्यान दें तथा देवास गेट क्षेत्र के आसपास ही कोई उपयुक्त वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित करें, ताकि यात्रियों को अनावश्यक दूरी, अतिरिक्त किराये और दोहरी आर्थिक मार से राहत मिल सके। जनप्रतिनिधियों से भी अपेक्षा है कि वे इस मुद्दे को संबंधित अधिकारियों के समक्ष उठाकर आम जनता को राहत दिलाने की पहल करें।