पानी व्यर्थ बहाया तो होगी कार्रवाई’:महापौर ने अभियान में जुटी एनजीओ की टीम को दिए निर्देश

इंदौर।शहर में पानी की बर्बादी रोकने के लिए नगर निगम अब जागरूकता के साथ सख्ती की तैयारी में है। घरों में जरूरत से ज्यादा पानी बहाने और पीने योग्य पानी का अनावश्यक इस्तेमाल करने वालों को पहले दो-तीन बार समझाइश दी जाएगी। इसके बाद भी यदि पानी की बर्बादी नहीं रुकी तो वीडियो बनाकर संबंधित व्यक्ति के खिलाफ चालानी कार्रवाई की जाएगी। इसी अभियान के तहत महापौर पुष्यमित्र भार्गव सोमवार को शहर की गलियों में पहुंचे और रहवासियों से पानी बचाने की अपील की।महापौर ने पार्श्वनाथ, विनय नगर, जैन कॉलोनी और लोकमान्य नगर में लोगों से बातचीत कर पानी का जरूरत के मुताबिक इस्तेमाल करने की समझाइश दी। उन्होंने कहा कि गर्मी में पानी की जरूरत बढ़ जाती है। ऐसे में पानी की बर्बादी का नुकसान अंततः शहरवासियों को ही उठाना पड़ेगा। हर घर में पानी का इस्तेमाल जरूरत के मुताबिक होना चाहिए, ताकि भविष्य में जल संकट से बचा जा सके।

पहले समझाइश, फिर वीडियो बनाकर चालान-महापौर ने अभियान में जुटी एनजीओ की टीम को निर्देश दिए कि पानी बर्बाद करते पाए जाने वाले लोगों को शुरुआत में दो-तीन बार समझाया जाए। इसके बाद भी यदि स्थिति में सुधार नहीं होता है तो पानी की बर्बादी का वीडियो बनाकर नियमानुसार चालानी कार्रवाई की जाए। निगम का उद्देश्य लोगों को पानी बचाने के लिए जागरूक करने के साथ अनावश्यक खपत पर रोक लगाना है।

Share:

संबंधित समाचार

Leave a Comment