महिदपुर। ग्राम टांडा में प्राथमिक विद्यालय का संचालन बीच सत्र में बंद किए जाने की जानकारी मिलने पर ग्रामीणों में नाराजगी फैल गई। ग्रामीणों ने विधायक दिनेश जैन बोस को इसकी जानकारी दी और विद्यार्थियों के भविष्य को देखते हुए उनके साथ तहसील कार्यालय पहुंचकर सड़क पर बैठकर चक्काजाम कर दिया।
प्रशासन और पुलिस को चक्काजाम की जानकारी मिलते ही अधिकारी मौके पर पहुंचे। विधायक जैन एवं ग्रामीणों ने एसडीएम अजय हिंगे और तहसीलदार संतुष्टि पाल से चर्चा करते हुए बताया कि विभाग द्वारा बीच शैक्षणिक सत्र में विद्यालय का संचालन बंद करने की बात सामने आई है। इससे विद्यार्थियों को असुविधा होगी और अभिभावकों को भी परेशानी का सामना करना पड़ेगा। ग्रामीणों ने विद्यालय को शासकीय करने के साथ ही वर्तमान सत्र में यथावत संचालित रखने की मांग की।
मौके पर पहुंचे बीईओ किशोर परमार ने बताया कि ग्राम टांडा का विद्यालय अनुदान प्राप्त पात्र संस्था है। पोर्टल से विद्यालय का नाम हट गया था, जिसके चलते इसके संचालन को बंद करने को लेकर चर्चा चल रही थी। उन्होंने स्पष्ट किया कि वर्तमान शैक्षणिक सत्र में विद्यालय बंद नहीं किया जाएगा और विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित नहीं होने दी जाएगी।परमार ने बताया कि आगे की कार्रवाई के लिए जिले के अधिकारियों को पूरे मामले से अवगत कराकर मार्गदर्शन लिया जाएगा। अधिकारियों के आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने चक्काजाम समाप्त कर दिया।