उज्जैन। नागदा थाना क्षेत्र के रत्नाखेड़ी में रहने वाले गोरधन लाल पिता गंगाराम जटिया के मोबाइल पर कॉल कर 25 लाख की फिरौती मांगने और नहीं देने पर बेटे को उठाकर ले जाने की धमकी देने का मामला पुलिस ने 15 जुलाई 2023 को दर्ज किया था। मोबाइल पर आये नम्बर से फिरौती मांगने वाले की पहचान चौकाराम पिता कालू मइड़ा, निवासी कड़छी, जिला बांसवाड़ा (राजस्थान) के रूप में कर ली गई थी, पुलिस की टीम ने गिरफ्तारी के लिये दबिश मारी थी वह फरार होना सामने आया था, लगातार 3 सालों से उसकी लोकेशन अलग-अलग जगह मिल रही थी, लेकिन गिरफ्तार में नहीं आ पा रहा था।
3 साल बाद बुधवार को पता चला कि वह गांव आया हुआ है। थाना प्रभारी अमृतलाल गवरी ने एएसआई दिनेश निनामा, प्रधान आरक्षक दिनेश गुर्जर, प्रदीप जामोर, राजेश चंदेल, आरक्षक कृष्णा बैरागी, दीपक की टीम रवाना की। रात में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। जिसे नागदा लाया गया, गुरूवार को कोर्ट में पेश करने पर न्यायिक हिरासत में भेजने के आदेश होते ही उसे जेल भेज दिया गया। बताया जा रहा है कि शिकायत करने वाला गोरधनलाल जटिया की आरोपी से कोई पहचान नहीं थी, ना ही कोई विवाद था, बावजूद राजस्थान से आरोपी बार-बार धमका रहा था। इधर गिरफ्त में आये आरोपी का कहना था कि नम्बर मिलने पर उसने कॉल कर धमकाया था।