उज्जैन। नगर निगम ने वर्षों बाद फ्रीगंज मुख्य बाजार से समानांतर लगने वाली अवैध सब्जी मंडी को सख्ती से हटाकर दुकानों के सामने चौड़ी सड़क दिखाई देने लगी थी। कार्रवाई की सराहना भी हुई, लेकिन यातायात व्यवस्था में अपेक्षित सुधार अब भी नजर नहीं आ रहा है। अमरसिंह मार्ग, कमला नेहरू मार्ग सहित फ्रीगंज के कई प्रमुख मार्गों पर दिनभर कई बार जाम की स्थिति बन रही है।इसकी प्रमुख वजह सड़कों और चौराहों पर बेतरतीब खड़े सब्जी-फल के ठेले और बीच सड़क में पार्क किए जाने वाले वाहन बताए जा रहे हैं। नियमों के अनुसार हाथठेला विक्रेताओं को घूम-घूमकर व्यवसाय करना चाहिए, लेकिन कई स्थानों पर ठेले स्थायी रूप से सड़क किनारे जम गए हैं।
दुर्गा प्लाजा से जैन नमकीन और आगे के चौराहे से शहीद पार्क तक कई वाहन चालक सड़क के बीच तक चारपहिया वाहन खड़े कर देते हैं। कई बार वाहन चालक अंदर बैठे रहते हैं और उनके कारण दूसरे वाहन चालकों को निकलने में परेशानी होती है। इससे सड़क की उपलब्ध चौड़ाई कम हो जाती है और कुछ ही देर में जाम की स्थिति बन जाती है।यातायात व्यवस्था प्रभावित होने से विद्यार्थी, मरीज और उनके परिजन सबसे ज्यादा परेशान होते हैं। कई लोगों को जाम से बचने के लिए लंबा रास्ता अपनाना पड़ता है, जबकि कई लोग काफी देर तक जाम में फंसे रहते हैं। नागरिकों का कहना है कि नगर निगम और यातायात पुलिस को संयुक्त रूप से कार्रवाई कर मुख्य सड़कों और चौराहों को अतिक्रमण व बेतरतीब पार्किंग से मुक्त करना चाहिए। तभी फ्रीगंज की यातायात व्यवस्था सुधरेगी और स्मार्ट सिटी का सपना जमीन पर दिखाई देगा।