उज्जैन। नलिया बाखल हत्याकांड में सोमवार शाम को मृतक मोहित के परिजनों ने महाकाल थाने के सामने सड़क पर चक्काजाम कर प्रदर्शन किया। इस दौरान कुछ परिजनों ने बाइक से पेट्रोल निकालकर खुद पर डालने की कोशिश भी की।परिजनों का आरोप है कि उन्हें न्याय नहीं मिल रहा है और पुलिस द्वारा बयान दर्ज कराने बुलाए जाने पर उनके साथ अभद्र व्यवहार व धक्का-मुक्की की गई।परिजनों का कहना है कि हत्या को पांच दिन बीत चुके हैं, लेकिन अब तक सभी आरोपियों पर सख्त कार्रवाई नहीं हुई है। उनका आरोप है कि जब वे मामले की जांच और सबूतों के बारे में जानकारी मांग रहे थे, तब कुछ पुलिसकर्मियों ने उन्हें थाने से बाहर निकाल दिया। परिजनों ने यह भी दावा किया कि घटना का वीडियो बनाने के दौरान उनका मोबाइल फोन छीनकर फेंका गया और क्षतिग्रस्त कर दिया गया।प्रदर्शन के दौरान परिजन सड़क पर बैठ गए और कुछ लोग पुलिस वाहन के सामने लेट गए, जिससे महाकाल जाने वाले श्रद्धालुओं को निकलने में दिक्कत हुई। स्थिति को देखते हुए मौके पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया। परिजनों ने यह भी आरोप लगाया कि मामले में शामिल कुछ लोगों की गिरफ्तारी अभी तक नहीं हुई है।
महाकाल थाने पर हंगामा:पुलिस पर दुर्व्यवहार का आरोप; आरोपियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग