इंदौर।क्राइम ब्रांच ने 54.11 ग्राम एमडी ड्रग्स के साथ दो लोगों को गिरफ्तार किया। ये दोनों क्राइम ब्रांच को रोड किनारे खड़े मिल गए। उन्होंने बैग में ड्रग्स छिपा रखी थी। इस ड्रग्स की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत 5 लाख 40 हजार रुपए है। टीम ने आरोपियों के पास से ड्रग्स व अन्य सामान मिलाकर 6 लाख रुपए का माल जब्त किया है।डीसीपी क्राइम ब्रांच राजेश कुमार त्रिपाठी ने बताया कि क्राइम ब्रांच को जानकारी मिली कि पोलोग्राउंड चौराहे के पास तिलकपथ पर दो लोग संदिग्ध हालत में है। जानकारी मिलने पर टीम ने दोनों की घेराबंदी की, दोनों रोड किनारे बैग टांगे खड़े थे।उन्हें पकड़ा और पूछताछ की तो उन्होंने अपने नाम नावेद खान निवासी जबरन कॉलोनी, खाचरोद रोड नागदा और फरहान खान निवासी जबरन कॉलोनी खाचरोद रोड नागदा का होना बताया। जब उनके बैग को चेक किया तो उसने प्लास्टिक की थैली में 54.11 ग्राम एमडी ड्रग्स छिपा रखी थी। टीम ने दोनों को गिरफ्तार किया है।
बैग में छिपा रखी 54.11 एमडी ड्रग्स के साथ 2 गिरफ्तार: क्राइम ब्रांच को रोड किनारे खड़े मिल गए