उज्जैन। आगररोड पर चाकूबाजी करने और मारपीट करने वाले 2 आरोपियों को गिरफ्तार करने के बाद पुलिस रात में बापूनगर लेकर पहुंची थी। पुलिस ने अपने अंदाज में दोनों बदमाशों को क्षेत्र में घूमाया। बदमाशों को डंडे पड़ते देख क्षेत्रवासियों ने पुलिस जिंदाबाद के नारे लगाना शुरू कर दिया।
चिमनगंज थाना क्षेत्र में शनिवार रात रेती मंडी के पास मकोडियाआम पर कुछ बदमाशों ने नवीन पिता महेन्द्रसिंह चौहान के साथ मारपीट की थी और बापूनगर आकर यश राठौर तिलकेश्वर कालोनी और भोला निवासी भैरूनाला को चाकू मार दिये थे। घटनाक्रम के बाद घायलों से पूछताछ में चाकू मारने वालों के नाम गोलू खटीक और दुर्लभ उर्फ निवासी बापूनगर सामने आये थे। पुलिस ने दोनों के खिलाफ जानलेवा हमले का प्रकरण दर्ज कर रविवार को गिरफ्तार कर लिया और दोनों को रात में बापूनगर घटनास्थल लेकर पहुंची। जहां पुलिस ने अपने अंदाज में जुलूस निकाला। बदमाशों को पुलिस डंडे मार रही थी उसी दौरान लोगों की भीड़ जमा हो गई। दोनों बदमाशों की क्षेत्र में दहशत थी लेकिन पुलिस का अंदाज देख लोगों ने पुलिस जिंदाबाद के नारे लगाना शुरू कर दिया। पुलिस ने दोनों की निशानदेही पर चाकू बरामद किये। सोमवार को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से जेल भेजा गया है। दोनों आरोपी अपराधिक प्रवृति के है, जिनके खिलाफ पूर्व में प्रकरण दर्ज है। चिमनगंज थाना पुलिस ने बताया कि चाकूबाजी में घायल भोला को सीने और पेट में गहरे घाव लगे थे, उसका निजी अस्पताल में आॅपरेशन हुआ है। फिलहाल हालत खतरे से बाहर है।
पुलिस ने जुलूस निकाला तो लगे जिंदाबाद के नारे -बापूनगर में चाकूबाजी करने वाले आरोपियों को भेजा जेल