पति ने वेंटिलेशन से देखा तो फंदे पर लटकी थी पत्नी -घट्टिया में बुजुर्ग और युवक ने भी लगाई फांसी

उज्जैन। फांसी लगाकर आत्महत्या करने के तीन मामले मंगलवार को सामने आये। एक मामले में पति ने दरवाजा नहीं खोलने पर वेंटिलेशन से देखा तो पत्नी फंदे पर लटकी मिली। बुजुर्ग घर से दूर खेत में आम के पेड़ पर लटका था। वहीं युवक ने घर में फांसी लगाई थी जिसकी अस्पताल में मौत हो गई।
पहला मामला चिमनगंज थाना क्षेत्र के तिरूपतिधाम कालोनी से सामने आया। रात 2 बजे के लगभग शिवानी मालवीय 22 साल को पति हीरालाल मालवीय चरक अस्पताल लेकर पहुंचा था। सूचना मिलने पर पुलिस पहुंची तो सामने आया कि शिवानी ने कमरे का दरवाजा बंद कर फांसी लगाई है। पति से पूछताछ में बताया कि शिवानी से उसने 2 साल पहले प्रेम विवाह किया था। शिवानी सेंटपाल स्कूल के पास कर रहने वाली थी उसके माता-पिता भी प्रेम विवाह से नाराज नहीं थे। पति का कहना था कि वह ड्रायवर है रात में सवारी लेकर बाहर जाना था, शिवानी ने विवाद किया और रात का काम छोड़ने की बात कहीं। उसने काम छोड़ने पर घर कैसे चलायेगें कहा तो उसने विवाद किया था और दरवाजा बंद कर लिया। काफी देर तक नहीं खोला तो वेंटिलेशन देखा। पुलिस के अनुसार मामले में मर्ग कायम कर जांच में लिया गया है।
रातभर घर नहीं लौटा था बुजुर्ग
दूसरा मामला घट्टिया थाना क्षेत्र के ग्राम डाबरी का है। रात में नारायण पिता पीरूसिंह 52 साल घर नहीं लौटा था। परिजनों ने उसकी तलाश की लेकिन कहीं नहीं मिला। मंगलवार सुबह 6 बजे ग्रामीणों ने उसे घर से 100 मीटर दूर खेत किनारे आम के पेड़ पर रस्सी के फंदे से लटका देखा। परिजनों ने बताया कि शराब पीने के आदी थे। कई बार रात में घर नहीं आते थे तलाश करनी पड़ती थी। रात में कहीं नहीं मिले थे। पुलिस के अनुसार फिलहाल फांसी लगाने का कारण सामने नहीं आया है।
अस्पताल में हुई युवक की मौत
फांसी लगाने का तीसरा मामला घट्टिया थाना क्षेत्र के ग्राम निपानिया का है। यहां रहने वाले मनोज पिता रामसिंह कुशवाह ने सोमवार दोपहर को घर में फांसी लगा ली थी। परिजनों ने उसे फंदे से उतारा था। सांस चलने पर उज्जैन निजी अस्पताल लेकर पहुंचे थे। मंगलवार तड़के मनोज की मौत होने पर नीलगंगा थाना पुलिस ने पोस्टमार्टम कराया है। मनोज के फांसी लगाने की जांच घट्टिया थाना पुलिस द्वारा मर्ग डायरी मिलने पर शुरू की जायेगी।

Share:

संबंधित समाचार

Leave a Comment