नारकोटिक्स निरीक्षक बताकर महिला ने प्रापर्टी कारोबारी से ठगे3.50 करोड रूपए:प्रकरण दर्ज

उज्जैन। रतलाम के माणकचौक थाना क्षेत्र के तेजानगर निवासी प्रापर्टी कारोबारी रूपेश चपरोत के साथ एक महिला ने खुद को मंदसौर नारकोटिक्स निरीक्षक बताते हुए  करीब रूपए 3.50 करोड की ठगी एवं धोखाधडी को अंजाम दिया है। आरोपी ने कारोबारी को उसके पूर्व से न्यायालय में चल रहे प्रकरण में वसूली करवाने का हवाला दिया और उसके बाद धीरे-धीरे ठगी एवं धोखाधडी को अंजाम दिया है। माणकचौक पुलिस ने महिला सपना ठाकुर के विरूद्ध प्रकरण दर्ज किया है।

थाना प्रभारी विक्रमसिंह चौहान के अनुसार  फरियादी रूपेश ने थाना आकर बताया‍ कि उसका दिसंबर 2025 में विजय लोढ़ा के खिलाफ हुंडी की दलाली में लाखों रुपये हड़पने का केस कोर्ट में विचाराधीन  है। इसी दौरान 10 से 15 दिसंबर 2025 के बीच उनके मोबाइल पर दो नंबरों 9244016847, 9244216847 से फोन आया। फोन करने वाली महिला ने खुद को मंदसौर की नारकोटिक्स TI सपना ठाकुर बताते हुए कहा कि विजय लोढ़ा वाले केस में एफआईआर की कॉपी भेजो, मैं रिकवरी करवा दूंगी। रुपेश ने व्हाट्सएप पर उसे कापी भेज दी। इसके बाद ठगी का खेल शुरू हुआ।

ऐसे दिया धोखाधडी को अंजाम-महिला ने रूपेश से विजय लोढ़ा के मकान और फ्लैट की कुर्की करवाने के नाम पर करीब 70 लाख रुपये नकद ले लिए। कोर्ट में खुद को उधारीदार दिखाने के लिए प्रमाण की जरूरत बताकर तुलसी विहार कॉलोनी का 13×55 फीट का प्लॉट LIG-06 अपने नाम करवा लिया। यही नहीं बेटी की शादी के लिए घर में रखे 105 ग्राम सोने के जेवर ले लिए। दिवालिया दिखाने का बोलकर तेजानगर का मकान 32.93 लाख में बेचान दिखाकर रजिस्ट्री अपने नाम करवा ली। 20 लाख आरटीजीएस से दिए और अगले दिन रुपेश से ही नकद वापस ले लिए। महिला ने एक वीडियो भी बनवाया जिसमें रुपेश से कहलवाया गया कि उसने मकान 1.30 करोड़ में बेच दिया है और कोई लोन नहीं है।  बाद में मकान पर यह कह कर ताला लगवा दिया कि हाईकोर्ट की टीम सर्वे करने आएगी।

जीजा के केस में मदद के नाम पर भी ठगी-इसके साथ ही महिला ने रूपेश से उसके जीजा के मुंबई केस में मदद के नाम पर 15 लाख, फरवरी 2026 में 42 लाख का उधारीनामा लिखवाकर 22 लाख आरटीजीएस से, और स्टाम्प ड्यूटी के नाम पर 15 लाख और ले लिए। इस प्रकार से कुल मिलाकर 3 करोड़ 45 लाख 75 हजार 900 रुपये की ठगी का आरोप है। पीड़ित रूपेश का आरोप है कि पैसा मांगने पर महिला ने एनडीपीएस केस में फंसाने, एनकाउंटर करने और बेटी की सगाई तुड़वाने की धमकी दी है। पुलिस ने रूपेश की शिकायत पर आरोपित महिला सपना ठाकुर के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Share:

संबंधित समाचार

Leave a Comment