उज्जैन। महाकाल मंदिर सिक्युरिटी गार्ड को चाकू मारने वाले और आरक्षक से दादागिरी करने वाले बदमाशों का शनिवार को पुलिस ने जुलूस निकाला। दोनों मामलों के 3 आरोपियों को दोपहर बाद कोर्ट में पेश किया गया, जहां से न्यायिक हिरासत में जेल भेजा गया है।
शुक्रवार दोपहर को महाकाल मंदिर धनुष द्वार पर सिक्युरिटी गार्ड आकाश राठौर को 2 युवकों ने मंदिर परिसर में आकर फूल-प्रसादी बेचने से मना करने की बात पर चाकू मार दिये थे। महाकाल थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर चंद घंटो में अकुंश परमार जयसिंहपुरा को गिरफ्तार कर लिया था। वहीं उसके दूसरे साथी अंशुल गेहलोत जयसिंहपुरा को शनिवार सुबह गिरफ्तार किया गया। एसआई पुरूषोत्तम गौतम ने बताया कि चाकू अंकुश ने मारा था। उनकी निशानदेही पर चाकू जप्त किया। दूसरा मामला गुदरी चौराहा पर यातायात व्यवस्था संभाल रहे आरक्षक शांतिलाल चरकोटा ने रिक्शा क्रमांक एमपी 09 डीझेड 2347 के चालक को प्रतिबंधित मार्ग पर जाने से रोका था। चालक आंनद चौहान ने आरक्षक की कॉलर पकड़ ली थी और झूमाझटकी कर धमकी देने लगा था। महाकाल थाना एसआई के.के. मालवीय ने आरक्षक की शिकायत पर शासकीय कार्य में बाधा का प्रकरण दर्ज कर चालक आंनद को गिरफ्तार कर लिया था। शनिवार दोपहर चाकूबाजी करने वालों का मंदिर क्षेत्र में जुलूस निकाला गया, वहीं आरक्षक की कॉलर पकड़ने वाले को गुदरी चौराहा लगाया गया जहां बीच-बाजार उठक-बैठक लगवाई गई। रिक्शा चालक गुंडागर्दी नहीं करने कसम खाता रहा। पुलिस ने दोपहर बाद तीनों को कोर्ट में पेश किया, जहां से जेल भेजा गया है।
चाकूबाज और दादागिरी करने वालों का निकाला जुलूस