उज्जैन। कानीपुरा रोड स्थित शासकीय नवीन कन्या उ.मा. विद्यालय क्षीरसागर को अब सांदीपनि विद्यालय के रूप में विकसित किया जाएगा। यह महत्वपूर्ण घोषणा उज्जैन उत्तर के विधायक अनिल जैन कालुहेड़ा ने शुक्रवार को विद्यालय में आयोजित नि:शुल्क साइकिल वितरण कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए की। इस दौरान विधायक कालुहेड़ा ने 11 छात्राओं को साइकिलें वितरित कीं और परिसर में 6 लाख रुपये की लागत से पेवर ब्लॉक एवं डोम निर्माण कार्य का भूमिपूजन भी किया।
उत्कृष्ट परिणाम और पर्यावरण संरक्षण के लिए किया प्रेरित
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा मां सरस्वती के पूजन के साथ हुआ। संस्था की प्राचार्य श्रीमती सपना गोथवाल ने अतिथियों का स्वागत किया। शासन की महत्वपूर्ण योजना 2026-27 के अंतर्गत विद्यालय की कुल 11 छात्राओं को उनके पालकों की उपस्थिति में नि:शुल्क साइकिलें प्रदान की गईं। इस अवसर पर विधायक कालुहेड़ा ने छात्राओं को परीक्षा में उत्कृष्ट परिणाम लाने और पर्यावरण संरक्षण के लिए प्रेरित किया। साथ ही उन्होंने सभी से स्वतंत्रता दिवस पर ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत अपने घरों पर तिरंगा फहराने की अपील की। विधायक ने कहा कि विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण और आवश्यक आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना हमारी पहली प्राथमिकता है।
कार्यक्रम में यह जनप्रतिनिधि व पदाधिकारी रहे मौजूद
कार्यक्रम का सफलतापूर्वक संचालन श्रीमती अलका मिश्रा ने किया तथा अंत में आभार श्री कमलेश राजोरिया ने माना। इस गरिमामय अवसर पर भाजपा मंडल अध्यक्ष करुणा आनंद जैन, नगर उपाध्यक्ष अशोक कैथवास, ऋषि वर्मा, मंडल महामंत्री बसंत भारती, क्षेत्रीय पार्षद बबीता घनश्याम गौड़, पूर्व पार्षद राजेश सेठी और शिक्षक पालक संघ की अध्यक्ष पुनीता चौहान सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक, विद्यालय परिवार के शिक्षकगण, छात्राएं और भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित थे।