मुंबई, 6 अगस्त 2026। भारतीय जीवन बीमा निगम (एलआईसी) ने वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही में मजबूत वित्तीय प्रदर्शन दर्ज किया है। 30 जून 2026 को समाप्त तिमाही के लिए कंपनी का कर पश्चात लाभ (PAT) 22.81 प्रतिशत बढ़कर ₹13,492 करोड़ हो गया, जबकि पिछले वर्ष की समान तिमाही में यह ₹10,986 करोड़ था।
एलआईसी के अनुसार, नए व्यवसाय के मूल्य (VNB) में भी उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। पहली तिमाही में VNB 61.32 प्रतिशत बढ़कर ₹3,136 करोड़ पहुंच गया। वहीं शुद्ध VNB मार्जिन में करीब 750 आधार अंकों की वृद्धि दर्ज की गई और यह 22.9 प्रतिशत रहा।
प्रीमियम आय में भी बढ़ोतरी
30 जून 2026 को समाप्त तिमाही में एलआईसी की कुल प्रीमियम आय ₹1,27,250 करोड़ रही, जो पिछले वर्ष की समान अवधि के ₹1,19,200 करोड़ के मुकाबले 6.75 प्रतिशत अधिक है। व्यक्तिगत नए व्यवसाय की कुल प्रीमियम आय ₹75,416 करोड़ रही, जिसमें 5.52 प्रतिशत की वृद्धि हुई।
व्यक्तिगत व्यवसाय के अंतर्गत प्रीमियम आय 14.48 प्रतिशत बढ़कर ₹14,351 करोड़ हो गई। वहीं समूह व्यवसाय के प्रीमियम में भी 10.20 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई और यह ₹6,160 करोड़ रहा।
31 लाख से ज्यादा पॉलिसियों का बिक्री
पहली तिमाही में एलआईसी ने 31,02,281 पॉलिसियों की बिक्री की। पिछले वर्ष की समान तिमाही में 30,39,709 पॉलिसियां बेची गई थीं। इस तरह पॉलिसियों की संख्या में 2.06 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई।
कंपनी की वार्षिकीकृत प्रीमियम समतुल्य (APE) आय 8.22 प्रतिशत बढ़कर ₹13,692 करोड़ हो गई। इसमें व्यक्तिगत नए व्यवसाय का योगदान महत्वपूर्ण रहा।
बाजार हिस्सेदारी 60 प्रतिशत से अधिक
प्रथम वर्ष प्रीमियम आय (FYPI) के आधार पर एलआईसी ने भारतीय जीवन बीमा उद्योग में अपनी मजबूत स्थिति कायम रखी है। पहली तिमाही में कंपनी की कुल बाजार हिस्सेदारी 60.10 प्रतिशत रही। व्यक्तिगत व्यवसाय में एलआईसी की बाजार हिस्सेदारी 38.89 प्रतिशत, जबकि समूह व्यवसाय में यह 70.90 प्रतिशत रही।
परिसंपत्तियां ₹59.39 लाख करोड़ के पार
30 जून 2026 तक एलआईसी की प्रबंधनाधीन परिसंपत्तियां (AUM) ₹59,39,384 करोड़ हो गईं, जबकि 30 जून 2025 को यह ₹57,05,341 करोड़ थीं। इस तरह AUM में 4.10 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई।
कंपनी का सॉल्वेंसी अनुपात 2.17 से बढ़कर 2.42 हो गया है, जो उसकी वित्तीय मजबूती को दर्शाता है। हालांकि कुल व्यय अनुपात 10.47 प्रतिशत से बढ़कर 10.63 प्रतिशत रहा।
प्रबंधन ने जताया भरोसा
एलआईसी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी एवं प्रबंध निदेशक आर. दुर्गासामी ने कहा कि जीवन बीमा उद्योग में लगातार बढ़ती प्रतिस्पर्धा के बावजूद कंपनी ने पहली तिमाही में व्यक्तिगत और समूह दोनों क्षेत्रों में अपनी स्थिति मजबूत की है। उन्होंने कहा कि नए व्यवसाय के मूल्य में 61 प्रतिशत से अधिक की वृद्धि और VNB मार्जिन में सुधार कंपनी की रणनीति की सफलता को दर्शाता है।
उन्होंने कहा कि एलआईसी बदलते बाजार और ग्राहकों की जरूरतों के अनुरूप अपने उत्पादों एवं सेवाओं को लगातार बेहतर बना रही है और आने वाली तिमाहियों में भी नए अवसरों का लाभ उठाने के लिए प्रतिबद्ध है।