April 27, 2024

कहा- धारा 370 हटी, राम मंदिर बन गया कहीं दंगे नहीं हुए, कांग्रेस ने मुद्दों को उलझाकर रखा

मंडला। शुक्रवार को मुख्यमंत्री डा. मोहन यादव ने मंडला में वनवासी बंधुओं और प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा के साथ आदिवासी लोक संस्कृति का प्रमुख वाद्य यंत्र मांदर बजाया। वे यहां भाजपा के लोकसभा प्रत्याशी फग्गन सिंह कुलस्ते के समर्थन में नामांकन दाखिल कराने पहुंचे। इसके पूर्व उन्होंने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि कश्मीर में धारा 370 लगाकर हजारों लोगों को मौत के मुंह में धकेला। इसका जिम्मेदार कांग्रेस को बताया। धारा 370 भी हट गई और राम मंदिर भी बन गया। कहीं दंगे हुए क्या। ये मुददे उलझाकर रखे गए थे। केंद्र की सरकार ने 80 करोड़ लोगों को निशुल्क राशन दिया,गरीब आदमी को आवास गरीबों के लिए ऐसे काम भाजपा ही कर सकती है।
कांग्रेस ने जम्मू-कश्मीर में धारा-370 लगाकर इस मामले को उलझाया, जिसका परिणाम था कि हजारों लोगों का नरसंहार हुआ था। कांग्रेस ने सदैव वोटबैंक की राजनीति की है।
छांट छांट कर ले रहे कांग्रेसियों को
सीएम डा. मोहन यादव ने ईवीएम मशीन को सुदर्शन चक्र के रूप में बताते हुए कहा कि जिन लोगों ने धर्म का विरोध,मोदी के विकास का विरोध किया उनके लिए सुदर्शन चक्र रूपी ईवीएम मशीन में अपनी अंगुलियों का सदुपयोग करें। उन्होंने कहा कि अब कांग्रेस की दुकान खाली हो रही है। हर रोज कांग्रेस के लोग भाजपा में आ रहे हैं। पर हम भी छांट छांट कर ले रहे हैं।

रस्सी जल गई पर ऐंठ नहीं गई

उन्होंने कांग्रेस पर आरोप लगाया कि एक सहयोगी पार्टी उनकी दिल्ली में है। जिसके मंत्री और अब मुख्यमंत्री भी अंदर हो गए। वे मोटी चमड़ी के है,इस्तीफा नहीं दे रहे। ये जनता बर्दाश्त नहीं करेगी। उन्होने नाम लिए बिना कहा कि रस्सी जल गई पर ऐंठ नहीं गई। बेईमान की जगह जेल है। उन्होंने कहा कि लाल बहादुर शास्त्री ने रेल दुर्घटना पर और लालकृष्ण आडवाणी ने एक सादे कागज पर केवल एलके लिखे होने पर इस्तीफा दे दिया था। गरीब आदमी की हमारी सरकार में इज्जत है।

गरीब की बेइज्जती स्वीकार नहीं

एक बड़े अधिकारी ने ड्रायवर को तेरी क्या औकात कहा, तो हमने भी उसे उसकी जगह दिखा दी। गरीब आदमी की बेइज्जती स्वीकार नहीं की जाएगी। देश को नंबर 1 राज्य बनाना है।