लोकसभा चुनाव के मतदान से एक दिन पहले कांग्रेस को कटनी में बड़ा झटका

 

जिला अध्यक्ष सहित कई नेता भाजपा में शामिल

कटनी। मतदान से एक दिन पहले जिले में कांग्रेस को एक और बड़ा झटका लगा है। जिला शहर कांग्रेस अध्यक्ष सहित कार्यवाह अध्यक्ष व युवक कांग्रेस की प्रदेश प्रवक्ता ने अपने साथियों के साथ पार्टी का साथ छोड़कर भाजपा की सदस्यता ग्रहण कर ली। पन्ना में आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने भाजपा प्रदेशाध्यक्ष वीडी शर्मा के हाथों सदस्यता ग्रहण की। जिले में चुनाव से पहले लगातार कांग्रेस के नेताओं का पार्टी छोड़ने का सिलसिला शुरू हो गया था।
कई वरिष्ठ कार्यकर्ता भाजपा की सदस्यता ग्रहण कर चुके हैं। एक सप्ताह पूर्व कार्यवाहक जिलाध्यक्ष व दो पार्षदों सहित कई लोगों ने पार्टी की सदस्यता ग्रहण की थी और उस दौरान ही कई अन्य कांग्रेस के नेताओं के भाजपा के संपर्क में होने की बात कही जा रही थी।
खजुराहो लोकसभा क्षेत्र में दूसरे चरण में आज शुक्रवार को मतदान होना है और उससे ठीक एक दिन पहले कांग्रेस को बड़ा झटका लगा। अचानक से पार्टी के जिला शहर अध्यक्ष विक्रम खंपरिया, कार्यवाहक अध्यक्ष रौनक खंडेलवाल, उनकी पत्नी व महापौर पद की प्रत्याशी रहीं श्रेया खंडेलवाल सहित आधा दर्जन से अधिक कार्यकर्ताओं ने पन्ना पहुंचकर भाजपा प्रदेशाध्यक्ष वीडी शर्मा के सामने भाजपा की सदस्यता ग्रहण कर ली। इस दौरान जिलाध्यक्ष दीपक सोनी, विधायक संदीप जायसवाल सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद थे।