नागदा-उन्हेल मार्ग पर भीषण सड़क दुर्घटना रतलाम से लौट रहे परिवार की कार आगे चल रहे डंपर से टकराई -2 महिला की मौके पर मौत, 2 मासूम सहित 6 महिला गंभीर घायल

उज्जैन। नागदा-उन्हेल मार्ग पर रात 11 बजे के लगभग भीषण सड़क दुर्घटना हो गई। कार में सवार एक ही परिवार के 7 से 8 लोग सवार थे। सभी को उज्जैन जिला अस्पताल लाया गया। जहां 2 महिलाओं की मौत होना सामने आया। 2 मासूम बालिका बुरी तरह से घायल थी। कार सामने चल रहे डंपर में पीछे से टकराई थी। डंपर चालक ने सामने आये बाइक सवार को बचाने के लिये ब्रेक लगाया था। भीषण दुर्घटना की खबर मिलते ही भाजपा सांसद प्रत्याशी, कलेक्टर और प्रशासनिक अधिकारी अस्पताल पहुंच गये थे।उन्हेल का रहने वाले बाघेला परिवार की बेटी अंजली पिता भगवानलाल की सगाई तय हुई थी। परिवार की 6 महिला अंजली और 2 मासूम बालिका के साथ कपड़ो की खरीददारी के लिये रतलाम गये थे। जहां से सादिक पिता अफसरअली निवासी कुलवास रतलाम की कार किराये से करने के बाद वापस उन्हेल लौट रहे थे। नागदा-उन्हेल के बीच हरियाली ढाबे के सामने कार के आगे चल रहे डंपर चालक ने सामने से आये बाइक सवार को बचाने के लिये ब्रेक लगा दिया। बाइक चालक तो बच गया, लेकिन उसकी बाइक डंपर के नीचे आ गई। इसी बीच पीछे से तेजगति में आ रही बाघेला परिवार की कार डंपर से जा टकराई। कार की रफ्तार अधिक होने से पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। उसमें सवार महिलाएं और बच्चे बुरी तरह घायल हो गये। चालक को भी चोंट लगी थी। पुलिस और लोगों की मदद से सभी को बाहर निकाला गया और एम्बुलेंस से जिला अस्पताल लाया गया। जहां सामने आया कि कार में सवार पूजा और सविता नामक महिला की मौत हो गई है। अंजली बाघेला, सुशीला, संदीप और मासूम बालिका अंकिश और निहारिका गंभीर घायल है। दुर्घटना की खबर लगते ही भाजपा सांसद प्रत्याशी अनिल फिरोजिया, कलेक्टर नीरज कुमार सिंह सहित प्रशासनिक अधिकारी अस्पताल पहुंच गये थे। घायलों को जिला अस्पताल लाने की खबर लगते ही पूरा स्टॉफ अलर्ट हो गया था। डॉक्टरों को बुला लिया गया था। मासूम बालिकाओं का आॅपरेशन थियेटर में ट्रीटमेंट किया जा रहा था। डॉक्टरों को कहना था कि एक बालिका को वेंटिलेटर की आवश्कता है। कलेक्टर ने सभी का समुचित उपचार करने के लिये निर्देश अस्पताल स्टॉफ को जारी किये है। दुर्घटना की खबर लगने पर घायलों का परिवार भी देर रात जिला अस्पताल पहुंच गये थे।