तिरंगों से पटा मंदसौर शहर, आज होगा जगह-जगह ध्वजारोहणस्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या निकली तिरंगा यात्रा

मन्दसौर ।   आज देशभर आजादी की 77 वीं वर्षगांठ मनायेगा। आजादी के जश्न में मंदसौरवासी 13 अगस्त से डूब गये है। घर घर तिरंगा अभियान के साथ ही तिरंगा यात्राओं से मंदसौर नगर देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया। शहर के साथ ही गांवों में भी तिरंगा यात्राएं निकली। लोगों ने घर-घर तिरंगा अभियान के प्रति जागरूक होकर अपने घर, दुकान, संस्थानों, सरकारी भवनों पर तिरंगा फहराया। नगर के विभिन्न चौराहे भी तिरंगों से सजाये गये है। आज जिला स्तरीय कार्यक्रम में वित्त मंत्री जगदीश देवड़ा ध्वजारोहण करेंगे। साथ ही जगह-जगह झण्डा फहराया जाएगा।
सोमवार की सुबह नगरपालिका द्वारा नगर में तिरंगा यात्रा निकाली। जिसमें विधायक यशपालसिंह सिसौदिया, नपाध्यक्ष रमादेवी गुर्जर, हुडको डायरेक्टर बंशीलाल गुर्जर सहित नपा सभापति, पार्षद नपा के अधिकारी व कर्मचारी शामिल रहे।
सायंकाल अखण्ड भारत तिरंगा यात्रा मंदसौर नगर में निकली। जो गांधी चौराहा से प्रारंभ हुई जो विभिन्न मार्गों से होते हुए भारत माता चौराहा पहुंची। तिरंगा यात्रा में डीजे. पर देशभक्ति गीतों की धून पर सैकड़ों दो पहिया वाहनों पर सवार युवा सम्मिलित हुए। युवाओं ने हाथों में तिरंगा थाम रखा था। रास्ते में अनेक जगह विभिन्न संस्थाओं ने पुष्पवर्षा तक तिरंगा यात्रा का स्वागत किया।
आजादी के अमृत महोत्सव अंतर्गत शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय भैंसोदा से तिरंगा यात्रा निकाली जिसमें छात्र छात्राओं ने देश भक्ति के नारे लगाए एवं देशभक्ति गीतों के माध्यम से आम नागरिकों तक अभियान के अंतर्गत घर घर तिरंगा लगाने का संदेश दिया।