घायल बोला गोली मारी, पुलिस को नहीं मिले साक्ष्य जिलाबदर अवधि पूरी कर लौटे बदमाश ने युवक पर किया हमला

उज्जैन। जिलाबदर अवधि पूरी कर वापस लौटे बदमाश ने अपने साथियों के साथ गुरूवार दोपहर पुराने विवाद को लेकर युवक पर प्राणघातक हमला कर दिया। घायल को उसके साथी अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां उसने गोली मारने की बात कहीं, लेकिन पुलिस को घटनास्थल पर गोली चलने के साक्ष्य नहीं मिल पाये। एसपी प्रदीप शर्मा ने डॉक्टरों रिपोर्ट आने पर गोली की पुष्टि होने की बात कहीं है। फिलहाल बदमाश और उसके 2 साथियों के खिलाफ हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज किया गया है। पिलियाखाल क्षेत्र में रहने वाला रोहित पिता शांतिलाल प्रजापति दोपहर में डंपर सुधरवाने के लिये मोहननगर पहुंचा था। जहां उसे बदमाश छिंगू बुंदेला और उसके 2 साथियों ने देखा लिया। तीनो ने उस पर चाकू-पाइप से प्राणघातक हमला कर दिया। रोहित खून से लथपथ हो गया, उसे साथी जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां घायल रोहित ने बताया कि उस पर छिंगू बुंदेला, चिंगारी और 2-3 अन्य ने हमला किया है। हमलावरों ने गोली चलाई है, जो पैर में लगी है। मोहननगर में गोली चलने की खबर मिलते ही चिमनगंज थाना पुलिस हरकत में आ गई और मौके पर जांच के लिये पहुंची, लेकिन पुलिस को गोली चलने के साक्ष्य नहीं मिल पाये। एसआई राजाराम चौहान ने बताया कि हमला चाकू-पाइप से हुआ है। घटनास्थल पर किसी ने गोली चलने की पुष्टि नहीं की है। मामले में धारा 307 का प्रकरण दर्ज तीन हमलावरों को चिन्हित किया गया है, जिनकी तलाश की जा रही है। जल्द तीनों को गिरफ्तार किया जाएगा। डॉक्टरी रिपोर्ट से होगी गोली की पुष्टि घायल के आरोप गोली मारने पर एसपी प्रदीप शर्मा ने बताया कि घायल को उपचार के लिये जिला अस्पताल में भर्ती किया गया है। डॉक्टरों की रिपोर्ट के बाद ही गोली लगने की बात स्पष्ट हो पाएगी। उन्होने बताया कि हमले में छिंगू बुंदेला और उसके 2 साथियों के शामिल होने की जानकारी सामने आई है। छिंगू बुंदेला अपराधिक प्रवृति का है। उसे जिला बदर किया गया था। कुछ दिनों पहले ही जिलाबदर अवधि पूरी हुई है। रोहित और छिंगू के बीच 2 साल पहले विवाद हुआ था। उसी विवाद में हमला होना सामने आया है। हमलावरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।