वर्षा और गरज-चमक का मौसम अब जानलेवा हो गया है।

नरसिंहपुर  वर्षा और गरज-चमक का मौसम अब जानलेवा हो गया है। नरसिंहपुर में रूक-रूककर तेज गरज-चमक के साथ वर्षा हो रही है। इसी बीच मुख्यालय के दूरस्थ ग्राम भैंसापाला हार में शनिवार की सुबह आकाशीय बिजली गिरने से 16 वर्षीय एक बालक की मौत हो गई। वहीं उसका साथी युवक गंभीर रूप से झुलस गया। जिसे प्राथमिक इलाज के बाद जबलपुर रेफर किया गया है। मृतक व घायल महुआ के पेड़ के नीचे खड़े थे कि अचानक पेड़ पर आकाशीय बिजली गिर गई। पुलिस ने मर्ग कायम कर प्रकरण को जांच में लिया है। ज्ञात हो कि शुक्रवार को भी आकाशीय बिजली गिरने से एक की मौत हुई थी।

मक्का की फसल में खाद डालने गए थे

घटना में बताया जाता है कि सिंहपुर चौकी के ग्राम लालपुल निवासी अरूण पिता शंकरलाल ठाकुर 16, जैतपुर निवासी राजकुमार पिता महेश गौंड़ 24 भैंसापाल हार स्थित खेत में लगी मक्का की फसल में खाद डालने शनिवार को गए थे। इसी दौरान अचानक गरज-चमक के साथ वर्षा होने लगी। दोनों पास में ही लगे एक महुआ के पेड़ के नीचे पहुंच गए ताकि वर्षा से बच सकें। तभी तेज गर्जना के साथ आकाशीय बिजली महुआ के पेड़ पर गिरी तो अरूण की मौके पर ही मौत हो गई जबकि राजकुमार गंभीर रूप से झुलस गया। घटना की जानकारी लगते ही ग्रामीणों ने घायल को जिला अस्पताल पहुंचाया जहां से उसे प्राथमिक इलाज के बाद जबलपुर रेफर कर दिया है।