उज्जैन । रोशनी और सुख-समृद्धि के पर्व दीपावली को लेकर शहर के बाजारों में रौनक बढ़ गई है। घरों को रोशन करने के लिए लोग पारंपरिक मिट्टी के दीयों की खरीदारी करने पहुंच रहे हैं। इस बार बाजार में मिट्टी से बने दीपकों की कई आकर्षक वैरायटी उपलब्ध हैं। खास बात यह है कि पारंपरिक दीयों के साथ ही अलग-अलग डिजाइन वाले दीपक भी लोगों को काफी पसंद आ रहे हैं। पंचआरती और सातिया व फूल की आकृति वाले दीपक इस बार आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं।
बाजार में इस बार कई वैरायटियों के दीपक
इस बार कई वैरायटियों के मिट्टी के दीपक बाजार में उपलब्ध है। जो कि लोगों की पहली पसंद बने हुए हैं। जिसकी कीमत 2 रुपए प्रतिनग से लेकर 60 रुपए प्रतिनग तक है। बाजारों में मिट्टी के दीपक की दुकान जगह-जगह लग गई है। बियाबानी चौराहा नगरकोट निवासी प्रेमचंद प्रजापत, व उनकी पुत्री रागिनी प्रजापत ने संयुक्त रूप से बताया कि वह पिछले 16 वर्षों से शहीद पार्क पर मिट्टी के दीपक बेचने का कार्य कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि मिट्टी के दीपक में इस बार कई तरह की वैरायटी उपलब्ध है। डिजाइन वाले दीपक लोगों को ज्यादा पसंद आते हैं। इसलिए हर वर्ष उनकी अच्छी बिक्री होती है वही सादे दीपक भी अच्छी तादाद में बिकते हैं। प्रेमचंद प्रजापत ने बताया कि सादे मिट्टी के दीपक वह खुद बनाकर बेचते हैं लेकिन डिजाइन वाले मिट्टी के दीपक चिंतामन के समीप एक कारखाने में तैयार होते हैं और वह इन डिजाइन वाले दीपक को वहां से बेचने के लिए मंगवाते हैं। सबसे ज्यादा पंचआरती की डिजाइन किया गया दीपक लोगों को अधिक पसंद आ रहा है वहीं सातिया वाला दीपक भी लोगों की आकर्षण का केंद्र बना हुआ है।और इन दोनों की बिक्री भी अच्छी खासी हो रही है। हालांकि आज धनतेरस से व्यापार बढ़ जाएगा। महंगाई की वजह से इस बार मिट्टी के डिजाइन वाले दीपक के मूल्य में भी वृद्धि हुई है।
मिट्टी से बने डिजाइन वाले दीपकों की बाजार में इस बार कई वैरायटी…
दिल की आकृति वाले दीपक 10 रुपए में चार नग
शिवलिंग की आकृति वाले दीपक 10 रुपए में चार नग
हवन कुंड वाली आकृति वाले दीपक 10 रुपए में चार नग
चंपा वाले दीपक 10 रुपए में चार नग
कटोरी वाले दीपक 10 रुपए में चार नग
पंच आरती वाले दीपक 20 रुपए में एक नग
स्टैंड वाले दिपक 20 रुपए में एक नग
बड़ा दीपक 30 रूपए में एक नग
सादे दीपक 20 रूपए में 20 नग
छोटी मटकी 15 रुपए एक नग
तुलसा जी 10 रूपए एक नग
यह सब दीपक डिजाइन कर मिट्टी से बनाए गए हैं।