रोमियो लेन के बाद अब किस क्लब की बारी? खाद्य विभाग की दस्तक से क्लबों के किचन में हलचल!

 इंदौर। शहर में इन दिनों खाद्य विभाग की कार्रवाई सिर्फ दुकानों तक सीमित नजर नहीं आ रही, बल्कि बड़े होटल और क्लबों के किचन भी जांच के रडार पर आते दिखाई दे रहे हैं। कलेक्टर शिवम वर्मा के निर्देश पर लगातार चल रही कार्रवाई के बीच अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि रोमियो लेन के बाद अगली नजर किस क्लब के किचन पर पड़ेगी?             एक दिन पहले सिंधी कॉलोनी स्थित गोस्वामी मोमोज पर खाद्य विभाग की टीम ने कार्रवाई की। इसके बाद लसूड़िया स्थित अपोलो हाई स्ट्रीट बिल्डिंग में संचालित रोमियो लेन क्लब के किचन में भी टीम पहुंची। यहां जांच के दौरान वेज और नॉनवेज खाद्य सामग्री के साथ रखे जाने को लेकर कार्रवाई की गई।          बस, इसके बाद से शहर के क्लबों में चर्चा का बाजार गर्म है। सवाल घूम रहा है कि क्या अब बड़े क्लबों के चमकते इंटीरियर के पीछे छिपे किचन की भी बारी आने वाली है?
क्लब में बाहर से सब कुछ चकाचक दिखे, लेकिन असली कहानी तो किचन के अंदर ही पकती है। खाद्य सामग्री कैसे रखी जा रही है, वेज और नॉनवेज के लिए अलग व्यवस्था है या नहीं, साफ-सफाई के क्या इंतजाम हैं और खाद्य सुरक्षा के नियमों का कितना पालन हो रहा है—इन तमाम बिंदुओं पर विभाग की नजर पड़ सकती है।

*किचन की चमक भी होगी जांच के घेरे में?-
अब देखने वाली बात यह होगी कि रोमियो लेन की कार्रवाई के बाद खाद्य विभाग जांच का दायरा दूसरे क्लबों तक बढ़ाता है या नहीं। अगर टीम ने शहर के क्लबों के किचन की बाकायदा पड़ताल शुरू की, तो कई प्रतिष्ठानों के लिए असली परीक्षा फ्रंट एरिया में नहीं, बल्कि किचन के अंदर होगी।
फिलहाल खाद्य विभाग लगातार कार्रवाई कर रहा है और कलेक्टर के निर्देश के बाद विभाग के एक्शन को लेकर चर्चा भी तेज है। ऐसे में क्लब संचालकों की नजर अब सिर्फ ग्राहकों पर नहीं, बल्कि इस बात पर भी होगी कि अगली बार खाद्य विभाग की टीम की गाड़ी किस क्लब के बाहर रुकती है।

Share:

संबंधित समाचार

Leave a Comment