उज्जैन। अलखनंदा नगर में सोमवार-मंगलवार एक मकान में रात डेढ़ बजे आग लग गई। पुलिस मौके पर पहुंची तो परिवार के पांच सदस्य ऊपरी मंजिल पर फंसे थे। रात 2 बजे रेस्क्यू शुरू किया और कुछ देर की मशक्कत के बाद सभी का सुरक्षित रेस्क्यू कर बाहर निकाल लिया।
नानाखेड़ा थाना प्रभारी नरेन्द्र कुमार यादव ने बताया कि अलखनंदा नगर में रहने वाले मोघिया परिवार के 2 मंजिला मकान में रात डेढ़ बजे आग लगने की सूचना मिलने पर पुलिस टीम के साथ पहुंचे थे। आग नीचे लगी थी, पहली और दूसरी मंजिल पर परिवार के पांच सदस्य फंसे थे। लपटे उठने और धुआं फैलने परिवार के साथ डेढ़ साल मासूम घबरा गये थे। आसपास के लोगों ने फायर बिग्रेड का सूचना पहुंचाई थी। इसी बीच पुलिस ने मकान में फंसे परिवार को सुरक्षित बाहर निकालने के लिये रेस्क्यू शुरू किया। फायर बिग्रेड के कर्मचारी भी मौके पर आ गये थे। करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद परिवार को ऊपरी मंजिल से सीढियों के माध्यम से सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। फायर बिग्रेड कर्मचारियों ने आग पर काबू पाने के प्रयास शुरू किये। 3 फायर फायटर की मदद से 1 घंटे में आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। मोघिया परिवार के सदस्यों में अनमोल, आयुष, महक, मीनादेवी और डेढ़ वर्ष का दिवान शामिल थे। सभी का सफलता पूर्वक रेस्क्यू किया गया।
शार्ट सर्किट मकान में फैली आग
बताया जा रहा है कि आग निचली मंजिल के मेनगेट के पास लगी थी। आग लगने की वजह शार्ट सर्किट होना सामने आया है। मेनगेट के पास बने कमरे आग की चपेट में आ गये थे, जिससे आग और धुएं ने विकराल रूप ले लिया था। कमरों के पास से ही ऊपरी मंजिल पर जाने का रास्ता था। जो आगजनी से घिर गया था, परिवार के सदस्य नीचे नहीं आ सकते थे। आग देख आसपास के लोग भी दहशत में आ गये थे। गनीमत रही कि आगजनी में आसपास के मकान नहीं आये।
आगजनी में लाखों का हुआ नुकसान
थाना प्रभारी नरेन्द्र कुमार यादव ने बताया कि परिवार ने आगजनी में लाखों का नुकसान होना बताया है। जनहानि नहीं हुई, आग में घर का काफी समान जला है। जिसमें फर्नीचर और घरेलू सामान बताया गया है। परिवार मंगलवार दोपहर आगजनी की शिकायत दर्ज कराने थाने पहुंचा था। मामले में जांच शुरू की जायेगी।
रात 2 बजे अलखनंदा नगर में पुलिस का रेस्क्यू आग के बीच मकान में फंसे थे परिवार के सदस्य