रतलाम में कुत्ते का डंडे से सिर, दोनों आंखें फोड़ी, आरोपी पर पशु क्रुरता का प्रकरण दर्ज

 

उज्जैन। रतलाम शहर के औद्योगिक क्षेत्र थाना अंतर्गत डीजल शेड रोड पर पशु  क्रूरता और इंसानियत को शर्मसार करने वाला एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां अशरफ नामक व्यक्ति ने एक कुत्ते को डंडे से पीट-पीटकर अधमरा कर दिया और उसकी दोनों आंखें फोड़ दीं। इस बर्बरता का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने पर मामला पुलिस के सामने पहुंचा और आरोपी के विरूद्ध पुलिस ने प्रकरण दर्ज किया है।
घटना सोमवार (21 सितंबर 2026) शाम करीब 4:00 बजे की है। डीजल शेड रोड,  पानी की टंकी के पास रहने वाले संजू भूरिया ने बताया कि वे अपने घर पर मौजूद थे, तभी बाहर कुत्ते के जोर-जोर से रोने और चीखने की आवाज सुनाई दी। जब वे बाहर निकले, तो उन्होंने देखा कि पड़ोस में रहने वाला अशरफ एक 4 वर्षीय सफेद-भूरे रंग के कुत्ते पर डंडे से बेरहमी से वार कर रहा था।

संजू और उनके साथी जीवन सूर्यवंशी ने जब अशरफ को रोकने की कोशिश की, तो आरोपी और अधिक आक्रामक हो गया और कुत्ते को घसीटते हुए दूर ले गया। संजू और जीवन ने किसी तरह कुत्ते को अशरफ के चंगुल से छुड़ाया।
बचाव के बाद जब प्रत्यक्षदर्शियों ने कुत्ते को देखा, तो उसकी हालत अत्यंत दयनीय थी। डंडे के हमले से कुत्ते का सिर फट गया था, खून बह रहा था और उसकी दोनों आंखें बुरी तरह से फूट चुकी थीं। प्रत्यक्षदर्शियों ने तुरंत बेजुबान को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया और पुलिस को सूचना दी।

घटना की शिकायत दर्ज कराने संजू भूरिया अपने साथी अमित एंथोनी के साथ औद्योगिक क्षेत्र थाने पहुंचे। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी अशरफ के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS), 2023 की धारा 325 एवं पशुओं के प्रति क्रूरता का निवारण अधिनियम, 1960 की धारा 11 के तहत अपराध पंजीबद्ध किया है। मामले की जांच उप-निरीक्षक गिरधारी लाल परमार कर रहे हैं। रतलाम में पूर्व में भी महिलाओं के द्वारा एक कुत्ते के बच्चे को वाहन से खिंचने का मामला सामने आया था।

Share:

संबंधित समाचार

Leave a Comment