इंदौर। तेजाजी नगर थाना क्षेत्र में रविवार सुबह बायपास पर तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार पति-पत्नी को टक्कर मार दी। हादसे में ट्रक का पहिया महिला के सिर के ऊपर से गुजर गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद पति काफी देर तक पत्नी के शव को गोद में रखकर परिजनों को फोन करता रहा और रोता रहा। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन समेत फरार हो गया।
तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को मारी टक्कर-तेजाजी नगर पुलिस के अनुसार, दुर्घटना बायपास स्थित होमगार्ड मैदान के पास हुई। 32 वर्षीय रेखा अपने पति मनीराम के साथ बाइक से जा रही थी। इसी दौरान पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।टक्कर लगते ही दोनों सड़क पर गिर पड़े। इसी दौरान महिला ट्रक की चपेट में आ गई और उसके सिर के ऊपर से पहिया गुजर गया।
शव को गोद में रखकर परिजनों को फोन किया-हादसे में महिला का सिर बुरी तरह कुचल गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पति मनीराम पत्नी के शव को सड़क किनारे लेकर बैठ गया और उसे गोद में रखकर परिजनों को फोन कर हादसे की जानकारी देता रहा।तेजाजी नगर पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है। हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से ट्रक और उसके चालक की तलाश कर रही है।