ब्यावरा।थाना कोतवाली राजगढ़ पुलिस ने अपहरण, मारपीट एवं लूट की गंभीर वारदात का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। फरियादी मेहरवान पिता मानसिंह प्रजापति 42 वर्ष निवासी ग्राम खजूरी ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि जालपा माता की पहाड़ी के नीचे राजगढ़-खिलचीपुर रोड पर अज्ञात दो पुरुष एवं एक महिला ने उसे जबरन एक ईको कार में बैठाकर उसका अपहरण किया तथा उसके साथ मारपीट कर उससे 6,500 रु के करीब नगद एवं एक मोबाइल फोन छीन लिया। पुलिस ने अपराध क्रमांक 574/2026, धारा 140(3), 309(6), 3(5) बीएनएस के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया।
थाना प्रभारी निरीक्षक श्रीमती मंजू मखेनिया के नेतृत्व में एक विशेष पुलिस टीम गठित कर आरोपियों की तलाश प्रारंभ की। तलाशी के दौरान सूचना मिली कि घटना में प्रयुक्त कार से दो व्यक्ति भोजपुर की ओर गए हैं। पुलिस तत्काल रवाना हुई और थाना प्रभारी भोजपुर की टीम के साथ भोजपुर क्षेत्र में सघन तलाश करने लगी। तलाशी के दौरान बताए गए दोनो व्यक्ति कार में बैठे दिखाई दिए। पुलिस वाहन को देखकर वे भागने का लगे, किन्तु पुलिस ने घेराबंदी कर उन्हें पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी नन्दलाल पिता ओंकारलाल भील निवासी भालता जिला झालावाड़ (राजस्थान) तथा सूरज पिता पप्पूलाल तंवर निवासी ग्राम खेरिया थाना रटलाई, जिला झालावाड़ (राजस्थान) से घटना के संबंध में पूछताछ की जिन्होंने अपराध स्वीकार करते हुए बताया कि उन्होंने सुगनी बाई उर्फ सुगना पत्नी पप्पूलाल तंवर के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया था। दोनों आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने राजगढ़-ब्यावरा रोड स्थित देश प्रेमी होटल, ढाबा पहुंचकर तीसरी आरोपी सुगनी बाई उर्फ सुगना पत्नी पप्पूलाल तंवर को गिरफ्तार किया। तीनों आरोपियों ने संयुक्त रूप से उक्त घटना को अंजाम देना स्वीकार किया। तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।