उज्जैन/ रतलाम। शहर में साइबर ठगी का एक ऐसा चौंकाने वाला मामला सामने आया है जिसने पुलिस और बैंक प्रशासन की नींद उड़ा दी है। काटजू नगर निवासी और राजस्व विभाग में पदस्थ एक पटवारी के खाते से ठगों ने करीब 2.93 लाख रुपये उड़ा दिए। हैरानी की बात यह है कि इस पूरी वारदात के दौरान पीड़ित के पास न तो कोई फर्जी कॉल आया और न ही उन्होंने किसी के साथ ओटीपी या बैंक संबंधी जानकारी साझा की।जानकारी के अनुसार, पीड़ित पटवारी ने अपनी पारिवारिक जरूरतों के लिए मार्च माह में जीपीएफ खाते से 5 लाख रुपये निकाले थे, जो एसबीआई की कलेक्ट्रेट शाखा स्थित उनके खाते में जमा थे। ठगों ने इसी खाते को निशाना बनाया और तीन दिनों के भीतर बड़ी सफाई से रकम ट्रांसफर कर ली।पुलिस से जानकारी के अनुसार 27 अप्रैल को पहली बार में 98 हजार रुपये निकाले गए। 28 अप्रैल को दूसरी बार में 97 हजार 1 रुपये पार किए। 29 अप्रैल को तीसरी बार फिर 98 हजार रुपये ट्रांसफर कर लिए गए। इस तरह कुल 2 लाख 93 हजार 1 रुपये खाते से गायब हो गए।बैलेंस चेक करने पर हुआ खुलासा-मामले का खुलासा 30 अप्रैल को हुआ जब पीड़ित ने अपना बैंक बैलेंस चेक किया। खाते से बड़ी रकम गायब देख उनके होश उड़ गए। उन्होंने तत्काल साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराई। फिलहाल औद्योगिक थाना क्षेत्र पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस उन खातों की जानकारी जुटा रही है जिनमें यह रकम ट्रांसफर की गई है।