इंदौर पुलिस ने सात घंटे में अगवा बच्चों को ढूंढा, फोन कर 15 लाख की फिरौती मांगी थी, पति-पत्नी समेत चार आरोपी गिरफ्तार

ब्रह्मास्त्र इंदौर

इंदौर पुलिस ने तिरुपति गार्डन से अगवा दोनों बच्चों को गुरुवार देर रात करीब दो बजे सुरक्षित बरामद कर लिया। मामले में एक दंपती, एक युवक और एक युवती को गिरफ्तार किया गया है। युवक-युवती आपस में भाई-बहन हैं।
नैतिक सोनकर (9) और सम्राट (11) गुरुवार शाम करीब 7 बजे लापता हो गए थे। इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगालने पर एक नाबालिग लड़की उन्हें अपने साथ ले जाते हुए दिखी थी। बच्चों के दादा पूनमचंद जयदेव ने पुलिस को बताया था कि एक महिला ने वीडियो कॉल के जरिए 15 लाख रुपए की फिरौती मांगी है। इसके बाद फोन बंद हो गया।

सूचना मिलते ही टीआई सुरेंद्र रघुवंशी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। बच्चों को तलाशने में संयोगितागंज, बड़ी ग्वालटोली, राजेंद्र नगर, द्वारकापुरी, तुकोगंज और पलासिया थाने की टीमों को लगाया। जिस नंबर से बच्चों के दादा को फोन आया था, उसे सविंर्लास पर डाला। इसकी लोकेशन निकालकर बच्चों को राजेंद्र नगर के दत्त नगर में एक बिल्डिंग से बरामद कर लिया।
एसीपी तुषार सिंह ने बताया- पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज देखकर आरोपी लड़की के रूट की पहचान की। जिस नंबर से फिरौती का फोन आया था, उसे सर्विलांस पर डाला। मुखबिरों को भी सक्रिय किया गया। सभी आरोपी आपस में वॉट्सएप पर चैटिंग कर रहे थे। इनमें से एक नंबर से ही वॉट्सएप कॉल करके उन्होंने 15 लाख रुपए की फिरौती मांगी थी। इस नंबर को पुलिस ने सर्विलांस पर लगाकर लोकेशन पता कर ली। बच्चों को दत्त नगर की एक बिल्डिंग में रखा गया था। हम बहुत ही सावधानी से वहां पहुंचे। पुलिस को देखते ही आरोपियों ने भागने की कोशिश की लेकिन हमने उन्हें पकड़ लिया।
एसीपी सिंह ने बताया- आरोपियों में भाई-बहन राधिका और विनीत समेत पति-पत्नी ललित और तनिशा शामिल हैं। तनिशा और राधिका आपस में दोस्त हैं। उन्होंने बच्चों का अपहरण क्यों किया, इस बारे में पूछताछ जारी है।

Share:

संबंधित समाचार

Leave a Comment