आईपीएल 2026 में पूरा सीजन खेलेंगे धोनी

ब्रह्मास्त्र नई दिल्ली

भारतीय टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी आईपीएल 2026 में पूरा सीजन खेलेंगे। चेन्नई सुपर किंग्स के सीईओ काशी विश्वनाथन ने बुधवार को इसकी पुष्टि की। हालांकि उन्होंने कहा कि टीम में धोनी की भूमिका क्या होगी, इसका फैसला कोचिंग स्टाफ करेगा।
मार्च की शुरूआत से कर रहे ट्रेनिंग- 44 साल के धोनी मार्च की शुरूआत में ही चेन्नई पहुंच गए थे और टीम के साथ प्रैक्टिस कर रहे हैं। कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ की अगुवाई में टीम ने नए सीजन की तैयारियां शुरू कर दी हैं। धोनी ने पिछले महीने रांची में हल्के नेट सेशन के साथ अपनी तैयारी शुरू की थी।

भूमिका पर फैसला क्रिकेटिंग स्टाफ करेगा- सीएसके सीईओ काशी विश्वनाथन ने कहा कि धोनी इस सीजन के सभी मैच खेलेंगे। हालांकि उन्हें बल्लेबाज, विकेटकीपर-बल्लेबाज या इम्पैक्ट प्लेयर के रूप में इस्तेमाल किया जाएगा या नहीं, इसका फैसला टीम का क्रिकेटिंग स्टाफ करेगा।
संजू सैमसन के आने से उठी थीं अटकलें- राजस्थान रॉयल्स से संजू सैमसन के सीएसके में आने के बाद यह चर्चा तेज हो गई थी कि धोनी इस बार कम मैच खेल सकते हैं या सीमित भूमिका निभा सकते हैं। हालांकि टीम प्रबंधन ने साफ कर दिया है कि धोनी पूरे सीजन के लिए उपलब्ध रहेंगे।

पिछले सीजन में बीच में संभाली थी कप्तानी- आईपीएल 2025 में ऋतुराज गायकवाड़ के चोटिल होने के बाद धोनी ने टूर्नामेंट के बीच में टीम की कप्तानी संभाली थी। इसके बावजूद सीएसके पहली बार आईपीएल इतिहास में अंक तालिका में आखिरी स्थान पर रही थी।
चेन्नई में ही होंगे सीएसके के सभी मैच- विश्वनाथन ने कहा कि टीम अपने सभी घरेलू मैच चेन्नई में ही खेलेगी। तमिलनाडु में विधानसभा चुनाव होने के बावजूद उन्हें आयोजन को लेकर कोई बड़ी परेशानी नहीं दिख रही है।

वर्ल्ड कप जीत से उरङ को मिला आत्मविश्वास- विश्वनाथन ने भारत के लगातार दूसरी बार टी-20 वर्ल्ड कप जीतने पर खुशी जताई। उन्होंने कहा कि सीएसके के खिलाड़ी संजू सैमसन और शिवम दुबे ने टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन किया, जिससे टीम का आत्मविश्वास भी बढ़ेगा।
आईपीएल में सबसे ज्यादा मैच धोनी के नाम- आईपीएल में सबसे ज्यादा मैच खेलने वालों में महेंद्र सिंह धोनी पहली पायदान पर हैं। वे अब तक 278 मैच खेल चुके हैं। चेन्नई सुपर किंग्स को पांच बार खिताब जिताया है। 38.30 की औसत से 5439 रन बनाए हैं। इस दौरान धोनी ने 24 अर्धशतक भी लगाए हैं। उन्होंने विकेटकीपिंग में 47 स्टंपिंग और 154 कैच भी लपके हैं।

Share:

संबंधित समाचार

Leave a Comment