ब्रह्मास्त्र इंदौर
मध्य प्रदेश के इंदौर, भोपाल, जबलपुर और ग्वालियर एयरपोर्ट से रविवार को भी इंडिगो की उड़ान प्रभावित है। वहीं सोमवार को भी फ्लाइट प्रभावित रहेंगी। देवी अहिल्याबाई होल्कर एयरपोर्ट पर यात्री लगातार परेशान हो रहे हैं। एयरपोर्ट सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार सोमवार को भी सुबह की इंदौर से आने और जाने वाली 3 से ज्यादा फ्लाइट कैंसल हैं।
वहीं एयरपोर्ट पर उड़ान निरस्ती और अफरा-तफरी के बीच अचानक किरायों में भारी उछाल देखने को मिल रहा है। इंदौर से शारजाह जैसे इंटरनेशनल रूट का टिकट डॉमेस्टिक उड़ानों से भी सस्ता पड़ रहा है। दिल्ली, मुंबई और अन्य शहरों के किराए 15 हजार रुपए से ज्यादा है।
ट्रेवल एजेंट फेडरेशन आॅफ इंडिया के प्रदेश अध्यक्ष अमोल कटारिया बताते हैं कि इंडिगो के इस अभूतपूर्व संकट ने यात्रियों को मुश्किल में डाल दिया है। इंडिगो से सफर करने वाले यात्री परेशान हो रहे हैं। दूसरी एयरलाइंस आराम से चल रही है। इंदौर से शारजाह उड़ान का संचालन एयर इंडिया एक्सप्रेस कर रही है। उसकी उड़ान नियमित रूप से चल रही है। इसलिए किराए पर कोई अंतर नहीं पड़ा है। डोमेस्टिक में इंडिगो सबसे अधिक उड़ान का संचालन करती है। इसलिए किराए पर अंतर पड़ गया है। वहीं फ्लाइट की परेशानी के कारण ट्रेनों और बस में सीट मिलना मुश्किल हो गई है। ट्रेवल एजेंटों के अनुसार ट्रेन में तत्काल कोटा पाना मुश्किल हो गया है। जबकि बस में तो एक एक सीट के लिए संघर्ष हो गया है।
