उज्जैन। देवास-उज्जैन के बीच का मार्ग फोरलेन होने के बाद दुर्घटना के मामले सामने आने लगे है। शुक्रवार को महाकाल दर्शन कर लौट रहे चाचा-भतीजे को अज्ञात वाहन ने कुचल दिया। दुर्घटना में भतीजे की मौत हो गई। 19 घंटे पहले गुरूवार शाम को रिक्शा चालक को अज्ञात वाहन ने कुचला था। जिसकी रात में मौत होना सामने आया है।
भोपाल के रातीबड़ में रहने वाला विशाल पिता मुकेश सूर्यवंशी अपने चाचा इंद्रजीत पिता हरीप्रसाद सूर्यवंशी के साथ शुक्रवार को सावन का प्रथम दिन होने पर गुरूवार रात को महाकाल दर्शन करने आया था। दोनों ने शुक्रवार सुबह महाकाल दर्शन किये और दोपहर 12 बजे के लगभग वापस बाइक से भोपाल जाने के लिये रवाना हुए। नरवर थाना क्षेत्र के एमआईटी पुल के आगे दोनों को तेजगति से आये अज्ञात वाहन ने कुचल दिया। दोनों गंभीर घायल हो गये थे। एम्बुलेंस दोनों को चरक अस्पताल लेकर पहुंची। लेकिन डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद विशाल को मृत घोषित कर दिया। चाचा इंद्रजीत की हालत गंभीर होने पर भर्ती किया। चाचा के बयान दर्ज कर अस्पताल पुलिस चौकी ने परिजनों को घटना की सूचना दी। शाम को भोपाल से उज्जैन पहुंचे परिजनों की मौजूदगी में चौकी पुलिस ने विशाल का पोस्टमार्टम कराया। परिजनों ने बताया कि विशाल होटल में काम करता था। विशाल की बॉडी के साथ घायल चाचा को परिजन उपचार के लिये भोपाल लेकर गये है।
पूजन कर लौट रहा था रिक्शा चालक
गुरूवार को भैरू पूनम होने पर निजातपुरा में रहने वाला राहुल पिता औंकारलाल 30 साल रिक्शा चालक अपने पैतृक गांव नरवर पूजन के लिये गया था। जहां से देर शाम वापस लौटते समय उसे दताना के समीप अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी थी। राहुल की रिक्शा पलटी खा गई थी, जिसमें वह गंभीर घायल हुआ था। उसे उपचार के लिये चरक अस्पताल लाया गया। जहां कुछ घंटे चले उपचार के बाद रात में उसकी मौत हो गई। अस्पताल चौकी पुलिस ने शुक्रवार सुबह पोस्टमार्टम कराया। जांच नरवर थाना पुलिस को सौंपी जायेगी।
माकडोन में पलटा अनियंत्रित वाहन
शुक्रवार दोपहर को माकडोन में ग्राम झलारा में हादसा हो गया। तेजगति से दौड़ा चार पहिया वाहन अनियंत्रित होने के बाद पलटी खा गया। वाहन में 75 वर्षीय मांगीलाल पिता गणपत सूर्यवंशी निवासी ग्राम नहारिया सवार थे। जिन्हे उपचार के लिये उज्जैन भेजा गया, लेकिन रास्ते में मौत हो गई। थाना प्रभारी प्रदीपसिंह राजपूत ने बताया कि घटनाक्रम में एक बालिका के घायल होने की जानकारी भी सामने आई है। संभवत: उसे निजी अस्पताल में भर्ती किया गया है। मृतक मांगीलाल का पोस्टमार्टम चरक भवन चौकी पुलिस ने कराया। बच्ची के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है।
महाकाल दर्शन कर लौट रहे चाचा-भतीजे को वाहन ने कुचला -देवास मार्ग नरवर क्षेत्र में 19 घंटे में 2 दुर्घटना, 2 की मौत
