राष्ट्रीय समाचार\ केंद्र सरकार ने संसद के दोनों सदनों की एक-एक दिन की बैठक बुलाई है। लोकसभा की बैठक 30 नवंबर और राज्यसभा की बैठक 2 दिसंबर 2026 को होगी।दोनों सदनों की कार्यवाही 3 दिसंबर तक खत्म हो सकती है। केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने गुरुवार को X पर पोस्ट कर यह जानकारी दी।दोनों सदनों की बैठकों में सरकार परिसीमन-महिला आरक्षण बिल ला सकती है। सरकार के पास बिल पास कराने के लिए लोकसभा में 41 और राज्यसभा में 11 सांसद कम हैं।कल दोपहर केंद्रीय मंत्रिमंडल की बैठक होगी। वहीं, शाम 4.30 बजे सत्र की रणनीति को लेकर कांग्रेस की बैठक होगी।
महिला आरक्षण कानून लागू करने से जुड़ा बिल लाने की अटकलें
इस बीच संसद में महिला आरक्षण कानून लागू करने के लिए परिसीमन से जुड़े संविधान संशोधन विधेयक पर चर्चा है। इसे लेकर संसद का विशेष या विस्तारित सत्र बुलाए जाने की अटकलें थीं।
ऐसे में दोनों सदनों की बैठक बुलाए जाने को इस विधेयक से जोड़कर देखा जा रहा है। हालांकि, सरकार ने अभी तक बैठक के एजेंडे में इस विधेयक को शामिल करने की पुष्टि नहीं की है।
महिला आरक्षण बिल, 5 पॉइंट्स
- संसद ने सितंबर 2023 में नारी शक्ति वंदन अधिनियम पास किया था। इसके तहत लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं के लिए 33% सीटें आरक्षित करने का प्रावधान है।
- 16 अप्रैल 2026 को सरकार ने कानून लागू करने का नोटिफिकेशन जारी किया। हालांकि, महिलाओं को आरक्षण अगली जनगणना और उसके बाद होने वाले परिसीमन के बाद ही मिलेगा।
- सरकार चाहती थी कि 2029 के लोकसभा चुनाव से ही महिलाओं को आरक्षण मिल जाए। इसके लिए सरकार ने संविधान (131वां संशोधन) विधेयक, परिसीमन विधेयक और केंद्र शासित प्रदेश कानून संशोधन विधेयक 2026 पेश किए।
- सरकार के प्रस्ताव में लोकसभा की सीटें 543 से बढ़ाकर 816 करने की बात थी। इसके बाद लोकसभा और विधानसभाओं में महिलाओं के लिए 33% सीटें आरक्षित की जानी थीं।
- अप्रैल 2026 में इन बिलों पर लोकसभा में वोटिंग हुई। इन्हें पास कराने के लिए 352 वोट चाहिए थे, लेकिन पक्ष में सिर्फ 298 वोट पड़े। विपक्ष ने कहा कि परिसीमन से उत्तर भारत को फायदा और दक्षिण भारत को नुकसान होगा। इस तरह बिल 54 वोट से गिर गया।