ASI के लिए चाय दुकान संचालक ले रहा था रिश्वत:उज्जैन में परिवार को जेल से बचाने के नाम पर मांगे थे 10 हजार रुपए

उज्जैन लोकायुक्त की टीम ने गुरुवार को तराना थाना क्षेत्र की नैनावद पुलिस चौकी पर पदस्थ ASI मोहनलाल मालवीय के लिए रिश्वत लेते चाय दुकान संचालक जितेंद्र सिंह देवड़ा को 6 हजार रुपए के साथ रंगेहाथ पकड़ लिया।

उज्जैन\ ASI ने शिकायतकर्ता से सीधे पैसे लेने के बजाय चाय दुकान संचालक के माध्यम से रिश्वत मंगवाई थी। लोकायुक्त ने दोनों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत केस दर्ज किया है।

10 हजार मांगे, 6 हजार में सौदा तय

लोकायुक्त पुलिस के अनुसार, ग्राम गोलवा निवासी ईश्वर राजोरिया ने 25 नवंबर को लोकायुक्त एसपी विनोद कुमार दीक्षित से शिकायत की थी। आरोप है कि ASI मोहनलाल मालवीय ने ईश्वर राजोरिया के परिवार की महिला और युवती को कथित झूठे अपराध में जेल नहीं भेजने के एवज में 10 हजार रुपए मांगे थे। बाद में 6 हजार रुपए लेने पर सहमति बनी। ASI ने यह राशि नैनावद निवासी चाय दुकान संचालक जितेंद्र सिंह देवड़ा को देने के लिए कहा था।

शिकायत का सत्यापन निरीक्षक दीपक शेजवार ने किया। शिकायत सही पाए जाने पर गुरुवार को ट्रैप दल बनाया गया।

योजना के मुताबिक, शिकायतकर्ता ने महाकाल परिसर स्थित चाय की दुकान पर देवड़ा को 6 हजार रुपए दिए। उसके रुपए लेते ही पहले से तैनात लोकायुक्त टीम ने उसे पकड़ लिया।

कार्रवाई में डीएसपी राजेश पाठक, निरीक्षक दीपक शेजवार सहित 10 सदस्यीय टीम शामिल रही। लोकायुक्त की कार्रवाई जारी है।

Share:

संबंधित समाचार

Leave a Comment