सारंगपुर।जनपद पंचायत की ग्राम पंचायत ईचीवाड़ा के ग्राम पटाडियाडाबी के शासकीय शाला परिसर में स्थित एक पुराना और अनुपयोगी कुआं मासूम बच्चों के लिए हर समय आफत और हादसे का सबब बना हुआ है। स्कूल प्रांगण में खुला पडा यह कुआं न केवल बच्चों की सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा है, बल्कि इसमें कचरा फेंके जाने से गंदगी भी पनप रही है। इस समस्या के स्थायी समाधान, कुएं को बंद करवाने तथा स्कूल परिसर में सुरक्षात्मक बाउंड्रीवाल का निर्माण कराने की मांग को लेकर ग्रामीणों ने सर्वसम्मति से ग्राम पंचायत सरपंच एवं सचिव को ज्ञापन सौंपा है। ग्रामीण संतोष सिंह ने बताया कि शासकीय शाला भवन के प्रांगण में बना यह पुराना कुआं काफी समय से देखरेख के अभाव में खुला पडा हुआ है।
प्राथमिक स्तर के दो दर्जन से अधिक छोटे बच्चे प्रतिदिन इसी प्रांगण में पढते और खेलते हैं। खेल-खेल में बच्चों के कुएं के पास जाने से हर समय किसी अप्रिय घटना या बडी दुर्घटना का अंदेशा बना रहता है। ग्रामीणों का कहना है कि पूर्व में भी इस गंभीर मुद्दे को लेकर संबंधित अधिकारियों को आवेदन दिए जा चुके हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई या निराकरण नहीं किया गया है। ग्रामीणों ने प्रशासन से गुहार लगाई है कि नौनिहालों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए इस खुले कुएं को अविलंब पाटकर बंद कराया जाए। साथ ही, बच्चों के सुरक्षित खेलने और शाला परिसर को अतिक्रमण व हादसों से बचाने के लिए चारों ओर मजबूत बाउंड्रीवाल का निर्माण कराया जाए। ज्ञापन सौंपते समय समरथ सिंह, ईश्वर सिंह, नारायण सिंह, महेश राठौर, कमल सिंह, रामप्रसाद सिंह, हरी सिंह, राजपाल सिंह, जीवन सिंह, हुकम सिंह, एलकार सिंह, रामचंद्र सहित बडी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही समस्या का समाधान नहीं हुआ, तो वे उग्र आंदोलन करने को मजबूर होंगे।
बोले जिम्मेदार-स्थानीय शाला परिसर में कुएं की समस्या है जिसका निदान कराने के प्रयास किए जा रहे है, जल्द ही निदान कराएंगे।
-जसमत सिंह, सरपंच, ग्राम पंचायत ईचीवाडा।