यशराज फिल्म्स की सैयारा से चर्चा में आईं अनीत पड्डा और मर्दानी 2 व होमबाउंड से पहचान बना चुके विशाल जेठवा तेजी से बड़े बैनर्स की पहली पसंद बनते जा रहे हैं। अब ये दोनों कलाकार पहली बार मैडॉक फिल्म्स के हॉरर-कॉमेडी यूनिवर्स में एक साथ नजर आने वाले हैं। दिनेश विजन और अमर कौशिक के सुपरहिट यूनिवर्स में अगली पेशकश शक्ति शालिनी होगी। सूत्रों के मुताबिक, यह फिल्म अनीत को एक महिला-प्रधान सुपरनैचुरल किरदार में पेश करेगी, जबकि विशाल उनके लव इंटरेस्ट की भूमिका निभाएंगे। हालांकि यह रिश्ता सिर्फ रोमांस तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि कहानी को नैतिक गहराई और भावनात्मक आधार भी देगा।
कियारा के हटने के बाद अनीत हुईं कास्ट
अक्टूबर 2024 तक इस प्रोजेक्ट से कियारा आडवाणी का नाम जुड़ा था, लेकिन अब फिल्म अनीत के खाते में है। मार्च 2026 से शूटिंग शुरू होने की संभावना है। शक्ति शालिनी को मुंज्या फेम आदित्य सरपोतदार डायरेक्ट करेंगे। यह फिल्म चंबल और आस-पास की लोककथाओं पर बेस्ड होगी। जहां स्त्री में रहस्य और मुंज्या में शरारत थी, वहीं इस बार फोकस हाई-आॅक्टेन एक्शन और दैवीय शक्तियों पर होगा। अनीत का किरदार एक ऐसी युवती का है, जिसे धीरे-धीरे अपनी असाधारण शक्तियों का एहसास होता है।
सलाम वेंकी में साथ काम कर चुके हैं दोनों
सूत्रों के मुताबिक, विशाल का किरदार कहानी में एक खास बैलेंस लाता दिखेगा। अनीत और विशाल इससे पहले काजोल स्टारर सलाम वेंकी में साथ काम कर चुके हैं, लेकिन वहां दोनों का कम रोल था, लेकिन शक्ति शालिनी में उन्हें पहली बार पूरी स्पेस देगी। विशाल के लिए भी यह ऐसी फिल्म होगी, जहां वह लीड हीरो हैं। इस जोड़ी का कॉम्बिनेशन ऐसा है कि एक तरफ उभरता स्टारडम है तो दूसरी तरफ मजबूत अभिनय।
सैयारा फेम अनीत पड्डा के साथ पहली बार फुल लेंथ रोल में दिखेंगे विशाल जेठवा