ब्रह्मास्त्र भोपाल
केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड ने दसवीं कक्षा के उन छात्रों के लिए दूसरी बोर्ड परीक्षा की डेटशीट जारी कर दी है, जो अपने अंकों में सुधार करना चाहते हैं। नई शिक्षा नीति के तहत लागू की गई इस दो-स्तरीय परीक्षा प्रणाली के तहत दूसरी बोर्ड परीक्षा का आयोजन 15 मई से 21 मई, 2026 तक किया जाएगा। जारी आधिकारिक कार्यक्रम के अनुसार, परीक्षाओं की शुरूआत 15 मई को गणित (बेसिक और स्टैंडर्ड) विषय के साथ होगी और समापन 21 मई को सामाजिक विज्ञान के पेपर के साथ होगा। बोर्ड के अधिकारियों के अनुसार, इस परीक्षा में शामिल होने वाले विद्यार्थियों की सटीक संख्या की जानकारी शुक्रवार को सार्वजनिक की जाएगी और जल्द ही छात्रों के लिए एडमिट कार्ड भी आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध करा दिए जाएंगे।
यह नई व्यवस्था दसवीं कक्षा के छात्रों के लिए बेहद महत्वपूर्ण है, क्योंकि बोर्ड ने इस वर्ष से पहली बार ‘टू-बोर्ड एग्जाम सिस्टम’ को लागू किया है। इस नीति का मुख्य उद्देश्य बोर्ड परीक्षाओं के तनावपूर्ण स्वरूप को कम करना और छात्रों को अपने प्रदर्शन को निखारने का एक और अवसर प्रदान करना है। नियमों के मुताबिक, केवल वही छात्र दूसरी बोर्ड परीक्षा में बैठने के पात्र होंगे, जिन्होंने फरवरी-मार्च में आयोजित हुई पहली मुख्य बोर्ड परीक्षा में भाग लिया था। छात्र विज्ञान, गणित, सामाजिक विज्ञान और भाषाओं में से किन्हीं तीन विषयों का चयन करके अपने अंकों में सुधार का विकल्प चुन सकते हैं।
गौरतलब है कि सीबीएसई ने दसवीं कक्षा के मुख्य बोर्ड परीक्षाओं के नतीजे 15 अप्रैल को ही घोषित कर दिए थे। इस वर्ष बोर्ड का कुल पास प्रतिशत 93.70 प्रतिशत रहा, जो पिछले वर्ष के 93.66 प्रतिशत की तुलना में मामूली रूप से बेहतर है। लिंगवार आंकड़ों पर गौर करें तो छात्राओं का पास प्रतिशत 94.99 प्रतिशत रहा, जबकि छात्रों का पास प्रतिशत 92.69 प्रतिशत दर्ज किया गया। हालांकि, ट्रांसजेंडर उम्मीदवारों के प्रदर्शन में पिछले वर्ष के मुकाबले कुछ गिरावट देखी गई है।