सांदीपनी विद्यालय में दो माह से शिक्षक नहीं, छात्रों का भविष्य अधर में

मल्हारगढ़। सांदीपनी विद्यालय में कक्षा 11वीं एवं 12वीं के विद्यार्थियों को पिछले दो माह से फिजिक्स, केमिस्ट्री एवं हिंदी विषय के शिक्षक उपलब्ध नहीं होने से उनकी पढ़ाई बुरी तरह प्रभावित हो रही है। शिक्षकों की नियुक्ति की मांग को लेकर विद्यार्थियों ने ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष विजेश मालेचा, युवक कांग्रेस जिला महासचिव अंकित कांसल एवं NSUI ब्लॉक अध्यक्ष ओमप्रकाश ररोतिया की अगुवाई में प्रदर्शन किया।
इस दौरान ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष विजेश मालेचा ने कहा कि बोर्ड परीक्षाओं की तैयारी के महत्वपूर्ण समय में दो-दो महीने तक विषय शिक्षक उपलब्ध नहीं होना शिक्षा व्यवस्था की गंभीर लापरवाही है। गरीब एवं मध्यमवर्गीय परिवारों के बच्चे बेहतर शिक्षा की उम्मीद लेकर विद्यालय आते हैं, लेकिन जब पढ़ाने के लिए शिक्षक ही उपलब्ध नहीं होंगे तो उनके भविष्य की जिम्मेदारी कौन लेगा?
मालेचा ने कहा, “स्कूल में शिक्षक नहीं और सरकार विकास के दावे कर रही है—इससे बड़ी विडंबना और क्या होगी? अब सरकार के भाषण नहीं, स्कूलों में शिक्षक चाहिए।” उन्होंने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा की विधानसभा के मुख्यालय स्थित विद्यालय में शिक्षा व्यवस्था की यह स्थिति सरकार के विकास और बेहतर शिक्षा के दावों की पोल खोल रही है। भाजपा सरकार सत्ता के नशे में मदहोश है और शिक्षा एवं स्वास्थ्य के नाम पर केवल प्रचार-प्रसार और बड़ी-बड़ी बातें कर रही है, जबकि जमीनी हकीकत यह है कि बच्चों को पढ़ाने के लिए शिक्षक तक उपलब्ध नहीं हैं।प्रदर्शन के दौरान स्पष्ट चेतावनी दी गई कि यदि 7 दिनों के भीतर विद्यालय में आवश्यक शिक्षकों की व्यवस्था नहीं की गई तो छात्रों के हित में अनिश्चितकालीन आंदोलन शुरू किया जाएगा। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि यह आंदोलन केवल राजनीतिक मुद्दा नहीं, बल्कि क्षेत्र के विद्यार्थियों के शिक्षा के अधिकार और उनके भविष्य की लड़ाई है।
प्रदर्शन के दौरान मंडलम अध्यक्ष अनवर मंसूरी, युवक कांग्रेस विधानसभा उपाध्यक्ष महेश सोनावत, अनुसूचित जाति ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष दिलीप मुंगड, तुफैल भाई, नीलेश मालेचा, शुभम गुर्जर सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं छात्र उपस्थित रहे।
Share:

संबंधित समाचार

Leave a Comment