सवारी छोड़कर लौट रहे चालक से मारपीट कर 7 हजार रुपये लूटे

नेपानगर। नगर के सात नंबर गेट क्षेत्र में देर रात लूट और मारपीट की वारदात सामने आई है। सवारी छोड़कर लौट रहे चार पहिया वाहन चालक को तीन अज्ञात बदमाशों ने गाड़ी के आगे गाड़ी अड़ाकर रोक लिया और उसके साथ बेरहमी से मारपीट कर लूटपाट की।पीड़ित युवक शाहरुख मंसूरी ने बताया कि वह सवारी गाड़ी लेकर खेरदा, धर्मपुरी के पास सवारी छोड़ने गया था। वहां से लौटते समय रात करीब सवा 12 बजे नेपानगर के सात नंबर गेट के पास तीन अज्ञात लड़कों ने उसकी गाड़ी के सामने गाड़ी खड़ी कर दी। बदमाशों ने गाड़ी से मोबाइल छीनने की कोशिश की, पैर पकड़कर नीचे खींचा और तीनों ने मिलकर बेरहमी से मारपीट की।
शाहरुख ने जैसे-तैसे मोबाइल तो बचा लिया, लेकिन बदमाशों ने उसका पर्स लूट लिया। पर्स में घर से ले गए 1 हजार रुपये और भाड़े के 6 हजार रुपये, कुल 7 हजार रुपये रखे थे।पीड़ित के अनुसार, मारपीट के दौरान एक बाइक सवार राहगीर ने मौके पर पहुंचकर बदमाशों को भगाया और उसकी जान बचाई। इसके बाद पीड़ित ने डायल 100 पर कॉल किया, लेकिन कॉल नहीं लगा तो उसने डायल 100 के ड्राइवर के निजी नंबर पर संपर्क कर पुलिस को बुलाया। पुलिस मौके पर पहुंची और सात नंबर क्षेत्र में सर्चिंग की, लेकिन तब तक बदमाश फरार हो चुके थे। पुलिस ने पीड़ित को सुबह थाने आकर रिपोर्ट दर्ज कराने को कहा।पीड़ित ने बताया कि घटना रात 12:40 बजे के आसपास की है। आज सुबह थाने पहुंचकर उसने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ आवेदन देकर रिपोर्ट दर्ज कराई है। नेपानगर पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
Share:

संबंधित समाचार

Leave a Comment