सड़क चौड़ीकरण के विरोध में आज महाकाल चौराहे से गोपाल मंदिर तक बाजार बंद रात में हुई मार्किंग से नाराज होकर लिया व्यापारियों ने फैसला, अनिश्चितकालीन बंद का ऐलान जनप्रतिनिधियों के आश्वासन के बावजूद कार्रवाई का आरोप, बोले- पहले यातायात व्यवस्था सुधारें

उज्जैन। महाकाल चौराहे से गुदरी होते हुए गोपाल मंदिर तक प्रस्तावित सड़क चौड़ीकरण के विरोध में व्यापारियों का आक्रोश बढ़ता जा रहा है। प्रभावित भवनों पर शनिवार देर रात करीब 1 बजे मार्किंग किए जाने से नाराज व्यापारी रहवासी महासंघ ने आज सोमवार 12 अक्टूबर से पूरे क्षेत्र का बाजार अनिश्चितकाल के लिए बंद रखने का ऐलान किया है। व्यापारियों का कहना है कि बिना पूर्व सूचना और चर्चा के सड़क के दोनों ओर चार-चार मीटर के निशान लगाए गए हैं। उनका आरोप है कि चौड़ीकरण की मौजूदा योजना से बड़ी संख्या में व्यापारिक प्रतिष्ठान प्रभावित होंगे और सैकड़ों परिवारों की रोजी-रोटी पर संकट खड़ा हो सकता है।
रात में मार्किंग से बढ़ा विरोध, आश्वासन पर भी उठे सवाल
सड़क चौड़ीकरण के लिए टेंडर जारी होने के बाद से ही व्यापारी इस योजना का विरोध कर रहे हैं। इसके बाद स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने व्यापारियों से मुलाकात कर बातचीत के माध्यम से समाधान निकालने का आश्वासन दिया था। व्यापारियों का आरोप है कि सभी पक्षों से चर्चा करने की बात कही गई थी, लेकिन इसके बावजूद शनिवार देर रात मार्किंग की कार्रवाई कर दी गई। इससे व्यापारियों में नाराजगी बढ़ गई है और जनप्रतिनिधियों के आश्वासन पर भी सवाल उठने लगे हैं।
व्यापारी रहवासी महासंघ का दावा है कि प्रस्तावित चौड़ीकरण से क्षेत्र के करीब 70 प्रतिशत व्यापारियों के प्रतिष्ठान पूरी तरह समाप्त हो सकते हैं। इसी आशंका को लेकर रविवार को महासंघ की बैठक हुई। इसमें आज सोमवार से अनिश्चितकालीन बाजार बंद रखने और चरणबद्ध तरीके से शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन करने का निर्णय लिया गया।
व्यापारियों की मांग- पहले यातायात व्यवस्था सुधारें
पाटनी बाजार व्यापारी एसोसिएशन से जुड़े प्रशांत सोनी ने बताया कि शनिवार रात करीब 1 बजे बिना पूर्व सूचना के मार्किंग की गई। उनका कहना है कि क्षेत्र में सड़क चौड़ीकरण करने के बजाय पहले यातायात व्यवस्था को व्यवस्थित करने की जरूरत है। सड़कों पर ई-रिक्शा खड़े रहने जैसी समस्याओं का समाधान किया जाए तो आवागमन को बेहतर बनाया जा सकता है।
सोनी के अनुसार, पटनी बाजार व्यापारी एसोसिएशन के साथ बर्तन बाजार, सोना-चांदी बाजार और गुदरी क्षेत्र के कई व्यापारी भी बाजार बंद के समर्थन में हैं।
योजना पर पुनर्विचार की मांग
व्यापारियों ने प्रशासन से प्रस्तावित सड़क चौड़ीकरण की योजना पर पुनर्विचार करने की मांग की है। उनका कहना है कि प्रभावित व्यापारिक प्रतिष्ठानों को बचाने के विकल्प तलाशे जाने चाहिए। किसी भी तरह की कार्रवाई से पहले व्यापारियों को विश्वास में लेकर स्पष्ट चर्चा की जाए, ताकि उनकी समस्याओं और आशंकाओं का समाधान निकल सके। फिलहाल व्यापारियों ने अनिश्चितकालीन बंद का निर्णय लेते हुए शांतिपूर्ण तरीके से विरोध जारी रखने की बात कही है।
Share:

संबंधित समाचार

Leave a Comment