उज्जैन। शहर में चल रहे सड़क चौड़ीकरण कार्य के दौरान ठेकेदारों की लापरवाही के कारण पेयजल पाइपलाइनें लगातार क्षतिग्रस्त हो रही हैं। मंगलवार को बड़नगर रोड स्थित हनुमानगढ़ी के समीप पंचायती अखाड़े के पास अंबोदिया डैम से आने वाली मुख्य पेयजल पाइपलाइन फूट गई। पाइपलाइन क्षतिग्रस्त होते ही तेज दबाव के साथ पानी फव्वारे चलने लग गए और कुछ ही देर में सड़क पर पानी फैल गया।
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे पीएचई अधिकारी
पाइपलाइन फूटने की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर एकत्रित हो गए तथा इसकी सूचना लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग (पीएचई) को दी गई। सूचना मिलने पर विभाग के अधिकारी और कर्मचारी मौके पर पहुंचे तथा मरम्मत कार्य शुरू किया। शाम लगभग 6:30 से 7 बजे के बीच पाइपलाइन को दुरुस्त कर लिया गया।
खुदाई के दौरान हुई पाइपलाइन क्षतिग्रस्त
स्थानीय लोगों के अनुसार बड़नगर रोड पर सड़क निर्माण और चौड़ीकरण का कार्य चल रहा है। इसी दौरान की गई खुदाई में ठेकेदार की लापरवाही के चलते मुख्य पेयजल पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हो गई। यह पाइपलाइन अंबोदिया डैम से शहर में पेयजल आपूर्ति करने वाली प्रमुख लाइन बताई जा रही है।
पेयजल आपूर्ति पर पड़ रहा असर
पाइपलाइन के बार-बार क्षतिग्रस्त होने से शहर के कई क्षेत्रों में जलापूर्ति प्रभावित हो रही है। लोगों के घरों तक पर्याप्त दबाव के साथ पानी नहीं पहुंच पा रहा है। कई क्षेत्रों में नलों में पानी कम दबाव से आ रहा है, जबकि कुछ स्थानों पर जलापूर्ति बाधित होने की शिकायतें भी सामने आ रही हैं।
गर्मी में बढ़ी जल संकट की समस्या
गर्मी के मौसम में पेयजल की मांग बढ़ी हुई है। ऐसे समय में पाइपलाइन क्षतिग्रस्त होने और पानी के लगातार अपव्यय से कई क्षेत्रों में जल संकट की स्थिति बन रही है। नागरिकों का कहना है कि पिछले कई दिनों से यह समस्या बनी हुई है और बार-बार पाइपलाइन फूटने से लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
शिकायतों के बावजूद नहीं रुक रही मनमानी
शहर में विभिन्न स्थानों पर सड़क चौड़ीकरण के दौरान नालियों और सड़कों की खुदाई की जा रही है। इस दौरान कई बार पेयजल पाइपलाइनें क्षतिग्रस्त हो चुकी हैं। नागरिकों द्वारा इसकी शिकायत नगर निगम अधिकारियों तक भी पहुंचाई गई है, लेकिन इसके बावजूद ठेकेदारों की कार्यप्रणाली में सुधार नहीं दिखाई दे रहा है।
रोजाना हो रहा पानी का अपव्यय
पाइपलाइन क्षतिग्रस्त होने की घटनाओं के कारण बड़ी मात्रा में पेयजल सड़कों पर बहकर बर्बाद हो रहा है। शहर में जल संरक्षण और जल संकट की चर्चाओं के बीच लगातार हो रहा यह अपव्यय प्रशासनिक निगरानी और कार्यों की गुणवत्ता पर सवाल खड़े कर रहा है। नागरिकों ने जिम्मेदार एजेंसियों से सड़क चौड़ीकरण कार्य के दौरान आवश्यक सावधानी बरतने और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है।