शाजापुर। शासकीय सेवा के दौरान जो अधिकारी कर्मचारियों की समस्याओं को समझकर उनके हित में काम करते हैं, वे अपनी एक अलग पहचान बना लेते हैं। संयुक्त संचालक वित्त जी.एल. गुवाटिया ने भी शाजापुर जिले में अपनी इसी कार्यप्रणाली से कर्मचारियों के बीच एक गहरी छाप छोड़ी है। यही कारण है कि तकनीकी शिक्षा विभाग भोपाल के पद पर उनका प्रमोशन और स्थानांतरण होने पर प्रमुख पेंशनर्स एसोसिएशन द्वारा उनके सम्मान में शनिवार को एक समारोह आयोजित किया गया, जहां उन्हें भावभीनी विदाई दी गई। कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि विधायक अरुण भीमावद एवं विशिष्ट अतिथि के रूप में भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. रवि पांडे मौजूद रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता एसोसिएशन के प्रदेश महामंत्री व जिलाध्यक्ष रघुवीर सिंह पंवार ने की। इस मौके पर विधायक भीमावद ने गुवाटिया के कार्यकाल की भूरि-भूरि प्रशंसा करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। जिलाध्यक्ष डॉ. पांडे ने उन्हें नई जगह पर भी प्रधानमंत्री के मिशन को आगे बढ़ाने का आह्वान किया। वहीं, रघुवीर सिंह पंवार ने गुवाटिया के साथ अपने 35 वर्षों के पुराने संबंधों को मंच से साझा किया। उन्होंने जिला कोषालय व पेंशन अधिकारी के रूप में गुवाटिया द्वारा किए गए कर्मचारी हितैषी कार्यों और सहयोग के लिए विशेष रूप से आभार जताया।
शासकीय सेवा में कर्मचारी हितों को सर्वोपरि रखने वाले हमेशा याद किए जाते हैं-विधायक