उज्जैन। शहर में पेयजल प्रदाय को लेकर संशय की स्थिति बन रही है। पीएचई के एक दिन छोडकर जल प्रदाय के प्रस्ताव को विधायक,महापौर,निगम अध्यक्ष सहित पार्षदों ने गंभीर डेम पर पहुंचकर जल राशि का निरीक्षण कर जांचा है। इसके बाद स्पष्ट किया गया कि गंभीर डेम में पर्याप्त पानी है शहर में नियमित जल प्रदाय होगा।शहर की जलप्रदाय की व्यवस्था गंभीर डेम पर निर्भर है। 2250 एमसीएफटी क्षमता के गंभीर डेम में पर्याप्त पानी के बावजूद सप्लाय को लेकर आए दिन समस्या की स्थिति सामने आ रही है। जल प्रदाय में प्रेशर का अभाव एवं टंकियों के पर्याप्त न भर पाने की समस्या को देखते हुए अप्रेल प्रारंभ में पीएचई ने एक दिन छोडकर जल प्रदाय का प्रस्ताव परिषद को दिया था । मई माह में ही तीसरी बार रविवार को जल प्रदाय नहीं होने की स्थिति बनी है। ऐसे में शनिवार को पूर्वान्ह में उज्जैन उत्तर विधायक अनिल जैन कालूहेड़ा, महापौर मुकेश टटवाल, निगम अध्यक्ष कलावती यादव निगम आयुक्त अभिलाष मिश्रा एवं पार्षद एक साथ ट्रेवलर गाड़ी में बैठकर गंभीर बांध पहुंचे थे । गंभीर डेम का निरीक्षण करते हुए उन्होंने कहा कि वर्तमान में शहर की जल आपूर्ति का मुख्य केंद्र गंभीर बांध में पर्याप्त पानी है। गंभीर बांध में 350 एमसीएफटी पानी है इसलिए नियमित रूप से शहर में जल प्रदाय किया जाएगा।विकास कार्यों से प्रभावित हो रही जल प्रदाय व्यवस्था-इस दौरान स्पष्ट किया गया कि शहर में जो मार्ग चौड़ीकरण, निर्माण एवं विकास कार्य चल रहे हैं जिसके कारण पानी की लाइन लीकेज की समस्या होती है, पीएचई विभाग द्वारा उक्त समस्या को गंभीरता से लेते हुए तत्काल समाधान किया जाकर पेयजल सप्लाई किया जा रहा है। गंभीर डेम पर निरीक्षण के दौरान विधायक, महापौर एवं निगम अध्यक्ष द्वारा वार्ड पार्षदों द्वारा पेयजल को लेकर जो समस्याएं बताई गई उनको गंभीरता से सुनते हुए अधिकारियों को समाधान करने हेतु निर्देशित किया गया। आयुक्त अभिलाष मिश्रा ने इस दौरान कहा कि प्रति दिन जल प्रदाय के मान से सूचारू संचालन में कई मुद्दे आ रहे हैं उनका निराकरण किया जाएगा।