रिमांड पर हरसिद्धी मंदिर के पास से चेन चुराने वाली

उज्जैन। सावन माह के पहले सोमवार पर हरसिद्धी मंदिर के पास से चार महिलाओं के गले से चेन-मंगलसूत्र चोरी हो गये थे। चोरी में शामिल एक महिला को लोगों की मदद से पकड़ा गया था, जिसे मंगलवार दोपहर कोर्ट में पेश कर एक दिन की रिमांड पर लिया गया है।
बाबा महाकाल के दर्शन करने सोमवार को 7 लाख से अधिक श्रद्धालु धार्मिक नगरी में आये थे। आस्था की भीड़ में बदमाश भी शामिल थे। हरसिद्धी मंदिर के पास सुबह के समय चार महिला श्रद्धालु अनिता पति घनश्याम, आरती पति अजय निवासी रतलाम, कमलाबाई राजस्थान और मुम्बई से आई सीजी पति मुरली के गले से दो तोला वजनी चेन खींच चोरी हो गई थी। तीन वारदात में चेन चोरी करने वाले सफल हो गये थे, लेकिन चौथी वारदात करते समय मुम्बई की महिला श्रद्धालु ने अपने पति और लोगों की मदद से चेन चोरी कर भाग रही महिला को पकड़ लिया था। जिसे पुलिस ने गिरफ्तार किया था। पूछताछ में चेन चुराने वाली का नाम अमरी पति सुरेश बाछड़ा 40 साल निवासी ग्राम हाड़ी पिपलिया थाना मनासा जिला नीमच सामने आया था। पुलिस ने उससे चेन में लगा पैंडल बरामद किया था। महिला ने बताया कि चोरी के बाद चेन उसने महिला साथी को दे दिया था। पुलिस ने उसके खिलाफ चोरी का प्रकरण दर्ज कर कोर्ट में पेश किया, जहां से 1 दिन की पूछताछ के लिये रिमांड पर लिया गया है। एसआई नेहा जादौन ने बताया कि महिला आरोपिया से उसकी महिला साथी के बारे में पूछताछ की जा रही है। वहीं अन्य 3 वारदतों में शामिल महिलाओं  के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है। विदित हो कि सोमवार को चार से पांच वारदात महाकाल थाना क्षेत्र और 2 चेन मंगलसूत्र चोरी के मामले में खाराकुआ थाना क्षेत्र में सामने आये थे।

Share:

संबंधित समाचार

Leave a Comment