उज्जैन। बाबा महाकाल की नगरी धार्मिक नगरी में सावन माह की शुरूआत होने पर प्रतिदिन लाखों की संख्या में श्रद्धालु आ रहे है। पुलिस सुरक्षा व्यवस्था की कमान संभाल रही है। इसी का फायदा उठाकर वारदात करने के मकसद से हरियाणा-राजस्थान गैंग उज्जैन आई थी। पुलिस ने गैंग के 19 महिला-पुरूष सदस्यों को गिरफ्तार किया है।
महाकाल थाना प्रभारी गगन बादल ने बताया कि सावन माह में श्रद्धालुओं के साथ मंदिर के आसपास और सवारी के दौरान वारदात होने की पूर्व से आशंका थी, जिसके चलते पुलिस संदिग्धों पर पहले से नजर रख रही थी, पुलिस की टीमें सुरक्षा-व्यवस्था पूरी तरह से अलर्ट पर थी। सोमवार को बाबा महाकाल की पहली सवारी निकाली गई थी, इसी बीच मंदिर क्षेत्र के 3 अलग-अलग स्थानों से सूचना मिलने पर दबिश देकर राजस्थान-हरियाणा से आई बदमाशों की गैंग के 19 सदस्यों को पकड़ा गया। जिसमें महिलाएं भी शामिल है। गैंग के पास से चोरी में प्रयुक्त होने वाले औजारों के साथ चाबियों के गुच्छे भी बरामद किये गये है। गैंग से पूछताछ में सामने आया कि उनका मकसद श्रद्धालुओं की भीड़ में मोबाइल, चेन, पर्स चोरी करने के साथ रात में सूने मकानों के ताले तोड़कर वारदात करने का था। थाना प्रभारी के अनुसार हिरासत में आये 19 आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 313 बीएनएस और 25 आर्म्स एक्ट का प्रकरण दर्ज कर जांच में लिया गया है। आरोपियों में एक नाबालिग भी शामिल था, जिसे नोटिस तामिल कराकर छोड़ा गया है। शेष को जेल भेज कर गैंग के 6 पुरूषों से पूछताछ की जा रही है। जिन्हे बुधवार दोपहर कोर्ट में पेश किया जायेगा।
गौंड बस्ती, नृसिंहघाट से पकड़ाई महिलाएं
थाना प्रभारी बादल ने बताया कि सबसे पहले सूचना मिलने पर 6 महिलाओं को गौंड बस्ती और नृसिंहघाट कालोनी के पास से घेराबंदी कर पकड़ा गया। जिनका मकसद रात को मकानों में चोरी करना और दिन में भीड़ के बीच पर्स, मोबाइल और चेन चुराने का था। पूछताछ में महिलाओं के नाम गुड्डीबाई पति रमेश माली, रेखा उर्फ सोनिया पति राजकुमार माली, नीतूबाई पति पप्पू माली, नरेशबाई पति रविन्द्र उर्फ राजू माली, सोनिया पति खन्ना माली, निवासी इकरन, जिला भरतपुर (राजस्थान) और सपना पति राजेन्द्र सैनी निवासी ग्राम तिकतोली छोटी खुर्द जिला मुरैना सामने आये।
दूसरी गैंग स्मार्ट पार्किंग के पास धराई
पुलिस की टीम ने वारदात की नियत से घूम रही दूसरी गैंग को स्मार्ट पार्किंग क्षेत्र से पकड़ा जिसमें सूरज पिता बंशी बावरी, निवासी कोटा (राजस्थान), सूरज पिता रमेश कुमार बावरी भटिंडा (पंजाब), मुकेश पिता डेनियल भुरिया, अनिल पिता बिलसन सारे, निवासी भोपाल बिरपाल पिता विजेन्द्र ठाकुर भरतपुर (राजस्थान) और सुरेश पिता रमेश जाटव, निवासी कोटपुतली (राजस्थान) शािमल थे। जिनके पास से चाकू-तलवार, प्लायर, चाबी के गुच्छे बरामद किये गये।
हरियाणा की गैंग में शामिल थे 7 आरोपी
थाना प्रभारी के अनुसार चोरी के मकसद से आये तीसरी गैंग के 7 सदस्य महाकाल मंदिर के आसपास वारदात की नियत से घूम रहे थे। जिन्हे हिरासत में लिया गया और पूछताछ की गई तो उनके नाम रामवीर पिता दंदवा, रईस पिता रमजान खान, सतीश पिता फूलसिंह, बलिया पिता मजहर, अरमान पिता सलीम, अफजल पिता शेरू और शरीफ पिता रमजान निवासी फरीदाबाद, पलवल हरियाणा है।
धार्मिक नगरी में आई थी हरियाणा-राजस्थान की गैंग सावन में भीड़ के बीच वारदात करने का था मकसद