मल्हारगढ़। संसद में नेता प्रतिपक्ष श्री राहुल गांधी की गिरफ्तारी तथा दिल्ली के जंतर-मंतर पर नीट सहित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के विरोध में शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे छात्र-छात्राओं पर हुए बर्बरतापूर्ण लाठीचार्ज के विरोध में गुरुवार को अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी, मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी एवं जिला कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार ब्लॉक कांग्रेस कमेटी मल्हारगढ़ के नेतृत्व में व्यापक विरोध-प्रदर्शन किया गया। काकासाहेब गाडगिल चौराहे से कांग्रेसजनों ने हाथों में काली पट्टियां बांधकर पैदल मार्च निकाला। “लोकतंत्र बचाओ”, “युवा सम्मान बचाओ”, “तानाशाही नहीं चलेगी” और “छात्रों पर अत्याचार बंद करो” जैसे गगनभेदी नारों के साथ यह मार्च नगर के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरा। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सांकेतिक रूप से फोरलेन पर बैठकर चक्काजाम किया तथा बाद में अनुविभागीय अधिकारी (SDM) कार्यालय का घेराव कर राष्ट्रपति महोदया के नाम ज्ञापन नायब तहसीलदार को सौंपा।
राहुल गांधी की गिरफ्तारी और छात्रों पर लाठीचार्ज के विरोध में ब्लॉक कांग्रेस का उग्र प्रदर्शन