उज्जैन। मालीपुरा से लाल मजिस्द की ओर जाने वाले रानी लक्ष्मीबाई मार्ग पर रविवार-सोमवार रात 2 दुकानों में चोरों ने धावा बोला। सुबह वारदात का पता चलाने पर पुलिस जांच के लिये पहुंची। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे देखे जा रहे है। चोरों ने दुकानों से हजारों रूपये नगद चोरी किये है। कोतवाली थाना क्षेत्र के रानी लक्ष्मीबाई मार्ग पर गोथरवाल टेलर्स और राजेश इलेक्ट्रिक शोरूम संचालक सोमवार सुबह दुकान पहुंचे और शटर खोला तो काउंटर पर सामान अस्त-व्यस्त दिखाई दिया। गल्ले खुले थे, जिसमें रखी नगद राशि गायब थी। दुकान में देखने पर पता चला कि चोरों ने छत के रास्ते धावा बोला था। मामले की सूचना पुलिस को दी गई, पुलिस जांच के लिये मौके पर पहुंची। इस दौरान सामने आया कि इलेक्ट्रिक दुकान से करीब 50 हजार रूपये नगद और टेलर्स के यहां से 20 से 25 हजार रूपये नगद चोरी हुए है। कुछ कीमती सामान भी चोर ले गये थे। पुलिस ने चोरों का पता लगाने के लिये आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालना शुरू किये है। फिलहाल सोमवार शाम तक दोनों दुकानदारों द्वारा मामले की शिकायत दर्ज नहीं कराई थी। पुलिस जांच पूरी होते ही मामला दर्ज किया जायेगा। बताया जा रहा है कि चोरों की संख्या 2 से अधिक हो सकती है, रात में वह पास के मकान से चढ़कर दुकानों तक पहुंचे थे।
रानी लक्ष्मीबाई मार्ग पर 2 दुकानों में चोरों का धावा -छत के रास्ते घुसे और चुराई नगदी, कैमरे खंगाल रही पुलिस