उज्जैन। ग्रामीण क्षेत्रों में हाथ भट्टी से बनने वाली कच्ची शराब के साथ अवैध शराब व्यवसाय पर अंकुश लगाने के लिये आबकारी विभाग का अमला लगातार कार्रवाई कर रहा है। सोमवार को 3 गांवों में दबिश देकर कच्ची शराब बनाने में उपयोग होने 210 किलो महुआ लहान बरामद कर नष्ट किया गया।
आबकारी नियंत्रण कक्ष अधिकारी मुकेश रंधा ने बताया कि उपनिरीक्षक कैलाशचंद्र रोईवाल को मुखबीर से सूचना मिली थी कि ग्राम सिंकदरखेड़ा, बमनापाती और कलमोड़ा में अवैध तरीके से देशी शराब बेचने का काम किया जा रहा है। गांव में जंगल की ओर जाने वाले रास्ते पर हाथ भट्टी पर कच्ची शराब भी तैयार की जा रही है। सूचना पर सहायक जिला आबकारी अधिकारी सुदर्शन काले और संजय कुमार जैन, आरक्षक प्रेमचंद जटिया, जगदीश रेशमिया, सरफराज खान, महेश कछवाय, मनीष कामदार, मानव जारवाल, आदित्यराज नागर, सुनील अमरतिया, ज्योति, माया पवार, आरती देवड़ा के साथ तीनों गांवों में दबिश मारी गई। ग्राम सिकंदर खेड़ा से गुंजाबाई, ग्राम बमनापाती से इंदरसिंह और कलमोडा से सौदानसिंह को हिरासत में लिया गया। जिनके पास से देशी शराब के क्वार्टर और बीयर की केन बरामद की गई। तीनों के खिलाफ आबकारी अधिनियम का प्रकरण दर्ज किया गया है। दबिश में गांवों से 210 किलो महुआ लहान जप्त किया गया, जिसे हाथ भट्टी पर तैयार होने वाली कच्ची शराब बनाने के लिये गलाकर रखा गया था। टीम द्वारा लहान को मौके पर नष्ट कर मामले दर्ज किये गये है। नियंत्रण कक्ष अधिकारी रंधा के अनुसार आबकारी की टीम लगातार कार्रवाई कर रही है। नगर निगम सीमा में शराब प्रतिबंधित होने पर टीम रात के समय होटल, ढाबों के साथ अवैध परिवहन को लेकर भी सर्चिंग कर रही है।
दबिश में मिला कच्ची शराब बनाने का महुआ लहान -आबकारी की 3 गांवों में दबिश, देशी शराब भी बरामद