उज्जैन। नगर निगम एवं यातायात विभाग की अनदेखी का परिणाम ऋषिनगर के रहवासियों को भूगतना पड रहा है। कालोनी के अंदर जाने के मुख्य मार्ग बाधित हो गए हैं। रहवासियों के लिए आवागमन में निरंतर समस्या बढती जा रही है। पेट्रोल पंप पर सीएनजी वाहनों की कतार से बाधा बनी हुई है और सर्विस रोड पर संचालित गैराजों से पूर्व से ही मार्ग सुरक्षात्मक आवागमन का नहीं बचा है।
पुराने शहर में चौडीकरण के कारण आवागमन की समस्या है तो नए शहर के चौडे क्षेत्रों में अनदेखी के कारण आवागमन की समस्या बनी हुई है। ये समस्या प्रारंभिक काल में अस्थाई थी लेकिन समय के साथ यह अब बढती जा रही है। अब तो कालोनी के रहवासियों को बाहर निकलने के साथ ही अंदर प्रवेश में भी समस्याओं से सामना करते हुए निकलना पडता है।
पेट्रोल पंप की कतार सडक पर-
ऋषिनगर देवास रोड मुख्य मार्ग से अंदर की और है।कालोनी के पूर्व विशाला क्षेत्र है। विशाला क्षेत्र के मुहाने एवं ऋषिनगर मुख्य मार्ग के कोने पर विकास प्राधिकरण ने पेट्रोल पंप को कुछ वर्ष पूर्व भूमि आवंटित की थी। यहां पेट्रोल पंप बनने के बाद रहवासियों को सहुलियत हुई थी। कुछ समय बाद यहां सीएनजी पंप की सुविधा भी शुरू हुई । इसके बाद से ही रहवासियों के लिए परेशानी खडी हो गई। सीएनजी लेने आने वाले वाहनों की कतार पेट्रोल पंप संचालक ऋषिनगर मुख्य मार्ग पर ही करवाते हैं। इससे सर्विस रोड के साथ ही मुख्य मार्ग भी बाधित रहता है। सीएनजी लेने आने वाले वाहन चालक भी अपने वाहनों को व्यवस्थित पार्क नहीं करते हैं। ऐसे में कालोनी के निवासियों को चौपहिया वाहनों के साथ तो निकलने में परेशानी होती ही है। दुपहिया वाहन चालकों को भी इस परेशानी से दो –चार होना पड रहा है। पेट्रोल पंप संचालक वाहनों को व्यवस्थित करने के लिए अपने कर्मचारी भी नहीं रख रहे हैं जिससे की कतार से कालोनी के रहवासियों को समस्या न हो। इसे लेकर रहवासियों ने कई बार मौखिक रूप से पेट्रोल पंप संचालक को अवगत भी करवाया और दुर्घटना का अंदेशा भी जताया है।
सर्विस रोड गैराजों की गाडियां-
ऋषिनगर तिराहे से पेट्रोल पंप होते हुए एसबीआई ब्रांच तक सर्विस रोड बनी हुई है। इस सर्विस रोड के उपयोग के लिए भी कालोनी के रहवासियों एवं अन्य वाहन चालकों को भी परेशानी होती है। प्रथम तो पेट्रोल पंप के यहां से ही बाधा की स्थिति रहती है। यहां जैसे तैसे वाहन चालक निकलते हैं तो आगे गैराजों के वाहनों के कारण दुर्घटना के हालात बने रहते हैं। गैराजों में सुधरने आने वाले वाहनों को चाहे जैसे पार्क किया जाता है। उसके साथ ही वाहन चालक यहां वाहनों को निकालते समय भी अनदेखी करते हैं। ऐसे में कालोनी के निवासियों को परेशानी का सामना करना पड रहा है।
जिम्मेदार सुस्त,व्यवसायी मस्त-
कालोनी के रहवासियों की समस्या को लेकर मुख्य मार्ग पर पेट्रोल पंप संचालक एवं सर्विस रोड पर गैराज संचालक अपना व्यवसाय करने में मस्त हैं। इस समस्या को लेकर नगर निगम एवं यातायात का अमला सुस्त है। कुछ वर्ष पूर्व क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए एक बडे इलेक्ट्रानिक्स शो रूम के पार्किग के मसले पर कार्रवाई की गई थी । उसके बाद से पूरे मामले में बर्फ जमी हुई है।