उज्जैन। खाचरौद में रविवार-सोमवार रात जिला सहकारी बैंक के ताले टूट गये। बैंक में घुसने वालों ने सिर्फ बैंक डाटा से लोड़ सीपीयू गायब किया है। जबकि लॉकर में 85 लाख रूपये रखे थे। मामला संदिग्ध नजर आ रहा है। चपरासी की शिकायत पर प्रकरण दर्ज कर जांच की जा रही है।
खाचरौद गल्ला मंडी के सामने जिला सहकारी बैंक में सोमवार सुबह चपरासी श्यामनारायण पहुंचा तो ताला टूटा मिला। मामले की सूचना बैंक अधिकारियों को दी गई। अधिकारियों के आने पर पता चला कि ताला तोड़ने के बाद बदमाश अंदर पहुंचे थे, उन्होने सीसीटीवी कैमरों के साथ सभी कम्प्यूटर सिस्टम के तार काटे है। कैश लॉकर सुरक्षित है। मामले की सूचना पुलिस को दी गई। जांच के दौरान सामने आया कि ताला तोड़ने वाले बैंक डाटा से लोड़ सीपीयू अपने साथ ले गये है। पुलिस ने कैमरों के फुटेज देखने का प्रयास किया तो कैमरे का डीवीआर भी अपडेट होना नहीं पाया गया। जिसके चलते ताला तोड़ने वाला का सुराग नहीं मिल पाया। बैंक अधिकारियों से डीवीआर मांगा गया लेकिन उन्होने बैंक टेक्निशियन के आने पर डीवीआर देने की बात कहीं। मामले में एसआई ईश्वर जोशी ने बताया कि मामला संदिग्ध नजर आ रहा है। बैंक लॉकर में 80 से 85 लाख केश रखा था लेकिन ताला तोड़ने वालों ने लॉकर को हाथ तक नहीं लगाया। उन्होने सिर्फ कम्प्यूटर सिस्टम चैक किये और बैंक डाटा से लोड सीपीयू गायब किया है। आसपास लगे कैमरों के फुटेज भी देखने का प्रयास किया जा रहा है। चपरासी से पूछताछ में पता चला है कि वह रविवार को अवकाश होने पर बैंक आया था। सफाई और जरूरी काम के बाद शाम 6 बजे ताला लगाकर लौट गया था। एसआई जोशी के अनुसार चपरासी की शिकायत पर प्रकरण दर्ज कर जांच की जा रही है।
खाचरौद में आधी रात को जिला सहकारी बैंक के टूटे ताले -लॉकर में रखे थे 85 लाख, बैंक से गायब हुआ सीपीयू